Jehanabad: शादी समारोह में हर्ष फायरिंग, युवक घायल, पीएमसीएच रेफर
Jehanabad: जहानाबाद जिले के लक्षण बीघा गांव में शादी समारोह के दौरान बारात पक्ष की ओर से हुई हर्ष फायरिंग में 20 वर्षीय मुकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे जहानाबाद सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए पटना पीएमसीएच रेफर किया गया।
विस्तार
जहानाबाद जिले के ओकरी ओपी क्षेत्र के लक्षण बीघा गांव में एक शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली लगने के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में घायल युवक को इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया।
कब हुआ हादसा?
घायल युवक की पहचान खेमचंद बीघा गांव निवासी 20 वर्षीय मुकेश कुमार, पुत्र विजेंद्र प्रसाद के रूप में की गई है। बताया जाता है कि घटना उस समय हुई जब लक्षण बीघा गांव में एक शादी समारोह के दौरान वर निकासी का कार्यक्रम चल रहा था और डीजे की धुन पर लोग नाच-गाना कर रहे थे।
पेट में लगी गोली
परिजनों के अनुसार, लक्षण बीघा निवासी सुकू चौधरी के पोते की बारात निकलने वाली थी। वर निकासी के दौरान बड़ी संख्या में लोग डीजे पर नाचते-गाते हुए जश्न मना रहे थे। इसी दौरान बारात पक्ष की ओर से किसी व्यक्ति ने हर्ष फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान चली एक गोली वहां मौजूद मुकेश कुमार के पेट में जा लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा।
गोली लगते ही मचा हड़कंप
गोली लगते ही समारोह में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से जहानाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालांकि स्थिति गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच अस्पताल रेफर कर दिया गया।
ये भी पढ़ें: बस किराए को लेकर महिला होमगार्ड ने जमकर किया बवाल, वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
पुलिस हुई सक्रिय
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई। मामले की पुष्टि करते हुए एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि युवक को गोली लगने की सूचना प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में चर्चा का माहौल बन गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फायरिंग किसने और किन परिस्थितियों में की।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.