Bihar: पांच वर्षीय छात्र हत्याकांड में सनसनीखेज मोड़; यौन उत्पीड़न की आशंका, स्कूल संचालक गिरफ्तार, हॉस्टल सील
Bihar: जहानाबाद जिले में मासूम छात्र की हत्या के मामले ने अब खौफनाक मोड़ ले लिया है। सिविल सर्जन ने मामले में अप्राकृतिक यौनाचार की आशंका जताई है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
विस्तार
जहानाबाद जिले के कड़ौना थाना क्षेत्र अंतर्गत मुठेर-लोदीपुर गांव के समीप स्थित एक गुरुकुल हॉस्टल में 5 वर्षीय छात्र की निर्मम हत्या के मामले ने नया और चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है। प्रारंभिक जांच के बाद सिविल सर्जन द्वारा अप्राकृतिक यौनाचार की आशंका जताए जाने के बाद यह मामला और गंभीर हो गया है। मृतक की पहचान जिले के गुहापाकड़ गांव निवासी धनंजय कुमार के 5 वर्षीय पुत्र आशु कुमार के रूप में हुई है।
स्कूल संचालक गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कूल संचालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य लोगों को हिरासत में लेकर उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
हॉस्टल परिसर में हुई मासूम की हत्या
जानकारी के मुताबिक, मासूम छात्र की हत्या धारदार हथियार से की गई थी। घटना गुरुकुल हॉस्टल परिसर में हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने एहतियातन हॉस्टल को सील कर दिया है, ताकि साक्ष्यों के साथ कोई छेड़छाड़ न हो सके।
पटना मेडिकल कॉलेज भेजा गया शव
मामले की गंभीरता को देखते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है, जहां तीन सदस्यीय मेडिकल टीम की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और अन्य पहलुओं की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। अभिभावकों में डर का माहौल है और वे बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ें: प्रदेश के तीन कॉलेजों की बीएससीसी फंडिंग पर रोक, दुरुपयोग के आरोप में मान्यता रद्द करने की तैयारी
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है, जिसमें हत्या, यौन उत्पीड़न और आपराधिक साजिश जैसे पहलू शामिल हैं। जल्द ही सभी तथ्यों को सामने लाकर दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। मालूम हो कि बीते दिन आक्रोशित मृतक के परिजन और ग्रामीणों ने गया-पटना मुख्य सड़क मार्ग, कड़ौना थाना के समीप, सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था। जिला प्रशासन के आला अधिकारियों द्वारा कार्रवाई के आश्वासन के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम हटा दिया था।