Bihar: इन पांच एयरपोर्ट को चालू करने की कवायद तेज, सर्वे करेगी एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की तीन टीमें
Bihar : बिहार के पांच हवाई अड्डों से विमान सेवा बहाली को लेकर कवायद तेज हो गई है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने ऑब्स्ट्रक्शन लिमिटेशन सर्वे के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। टीम सात दिनों तक रुक कर रिपोर्ट तैयार करेंगी।
विस्तार
सरहसा सहित सुपौल के वीरपुर हवाई अड्डा से जल्द ही 20 सीटर प्लेन सेवा की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। इसको लेकर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की एक विशेष टीम 08 से 23 सितंबर के बीच वीरपुर और सहरसा हवाई अड्डा का सर्वे करेगी। दरअसल, ऑब्स्ट्रक्शन लिमिटेशन सर्वे को लेकर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने तीन टीमों का गठन किया है। मिली जानकारी के अनुसार इसमें पहली टीम 02 से 09 सितंबर के बीच भागलपुर ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा तथा 10 से 18 सितंबर के बीच मुंगेर के सफियाबाद हवाई अड्डा का सर्वे करेगी। जबकि दूसरी टीम 08 से 15 सिंतबर के बीच वीरपुर और फिर 16 से 23 सितंबर के बीच सहरसा हवाई अड्डा का सर्वे करेगी। तीसरी टीम 22 से 28 सितंबर के बीच वाल्मीकिनगर हवाई अड्डा का सर्वे करेगी। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि टीम में कौन-कौन या कितने सदस्य होंगे। इससे पूर्व बीते 23 मई को भी एयरपोर्ट अथॉरिटी की 06 सदस्यीय टीम ने वीरपुर हवाई अड्डा का जायजा लिया था। तब करीब डेढ़ घंटे तक टीम ने यहां विमान सेवाओं से जुड़े तकनीकी बिंदुओं पर रिपोर्ट तैयार की थी। टीम ने रन-वे का सैंपल जुटाया था और कहा था कि अगर रन-वे उपयोग लायक रहा तो इसका उपयोग विमान परिचालन के लिए किया जाएगा। अन्यथा नया रन-वे तैयार किया जाएगा। टीम ने 1200 मीटर के रन-वे का विस्तार कर 03 किलोमीटर का बनाने का भी सुझाव दिया था। साथ ही हवाई अड्डा के आगे से बह रही हहिया धार को आवश्यकता पड़ने पर डायवर्ट करने का भी प्रस्ताव रखा था। इसके अतिरिक्त टीम ने हवाई अड्डा विस्तार के लिए प्रस्तावित जमीन का भी अवलोकन किया। बता दें कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान वीरपुर हवाई अड्डा पर एयर एंबुलेंस उतारी गई थी। तब इसके लैंडिंग में आई समस्या को देखते हुए हाल के ही दिनों में करीब 05 करोड़ की लागत से रन-वे तैयार किया गया।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar SIR: वोटर लिस्ट से नाम हटाने के लिए 1.98 लाख आवेदन, अब तक इन दो राजनीतिक दलों ने दर्ज कराई आपत्तियां
सीएम ने प्रगति यात्रा के दौरान 20 जनवरी को की थी घोषणा
बीते 20 जनवरी को सीएम नीतीश कुमार प्रगति यात्रा के दौरान सुपौल में थे। इस दौरान सूबे के पीएचईडी मंत्री सह छातापुर विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू की मांग पर उन्होंने वीरपुर हवाई अड्डा को उड़ान योजना के तहत विकसित करने की घोषणा की थी। इसके बाद 07 फरवरी को राज्य कैबिनेट की बैठक में वीरपुर हवाई अड्डा विस्तार के लिए सरकार 88.83 एकड़ जमीन अर्जित करने को स्वीकृति दी गई। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा 42 करोड़ 37 लाख 79 हजार रुपए जारी किए गए थे। इधर, प्रशासन ने हवाई अड्डा से पश्चिम दिशा में 10 से 15 एकड़ भूमि टर्मिनल बिल्डिंग निर्माण के लिए चिह्नित किया है। भूमि अधिग्रहण के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर जल्द ही निर्माण कार्य शुरु किया जा सकता है। प्रशासन हवाई अड्डा के पूर्वी हिस्से में भी विस्तार की योजना पर काम कर रहा है।
इस खबर को भी पढ़ें-Bihar Election: वोटर अधिकार यात्रा का आरा में विरोध, राहुल गांधी को भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने दिखाया काला झंडा
सुपौल में डीएम ने बीते दिनों लिया था स्थल का जायजा
भूमि अधिग्रहण से जुड़े काम में तेजी लाने के उद्देश्य से हाल में ही जिलाधिकारी सावन कुमार ने भी वीरपुर हवाई अड्डा का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बसंतपुर सीओ को संबंधित खेसरावार तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि रैयतों को मुआवजा दिया जा सके। इस दौरान डीएम ने एयरपोर्ट की भौगोलिक स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। उत्तर दिशा में स्थित कब्रिस्तान, दक्षिण दिशा में रिहायशी इलाका और एसएसबी 45वीं बटालियन के परिसरों की स्थिति की जानकारी ली। बताया कि हवाई अड्डा का रनवे तीन किलोमीटर लंबा और 180 मीटर चौड़ा बनाया जाएगा। साथ ही स्टेट हाईवे से कनेक्टिविटी, पार्किंग क्षेत्र और अन्य आधारभूत संरचना के विकास संबंधी जरूरी निर्देश दिए।
टीम के सुझावों पर काम करेगी प्रशासन
इधर, सुपौल जिलाधिकारी सावन कुमार ने बताया कि वीरपुर हवाई अड्डा के ऑब्स्ट्रक्शन लिमिटेशन सर्वे को लेकर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की टीम 08 सितंबर को आने वाली है। इससे पूर्व में जो टीम मई महीने में जांच के लिए आई थी, उसने कुछ गलत रिपोर्ट भी दिए थे। जिसके बाद अथॉरिटी ने नई टीम भेजने का निर्णय लिया है। टीम द्वारा विमान सेवा बहाल करने के लिए जो भी सुझाव दिए जाते हैं, प्रशासन उस पर तेजी से काम करेगी। फिलहाल वहां पूर्व से ही कई प्रकार के काम चल रहे हैं, जिसकी नियमित समीक्षा की जा रही है।
इनपुट: केशव कुमार