{"_id":"68e50ea2a7a22bf96a0f32e5","slug":"bihar-news-players-from-supaul-showcased-their-talent-in-the-bihar-state-sports-talent-search-torch-2025-kosi-news-c-1-1-noi1372-3491393-2025-10-07","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar : सुपौल की भारती ने क्रिकेट बॉल थ्रो में लहराया परचम, प्रेम व आदित्य सहित पांच खिलाड़ी टॉप-05 में शामिल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar : सुपौल की भारती ने क्रिकेट बॉल थ्रो में लहराया परचम, प्रेम व आदित्य सहित पांच खिलाड़ी टॉप-05 में शामिल
न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, सुपौल
Published by: कोसी ब्यूरो
Updated Wed, 08 Oct 2025 12:04 AM IST
विज्ञापन
सार
Bihar : बॉल थ्रो, दौड़, साइकलिंग व लंबी कूद प्रतियोगिता के लिए 16 सदस्यीय खिलाड़ियों की टीम में 08 छात्र व 08 छात्रा शामिल थे। प्रतियोगिता के दौरान सभी विधाओं में शीर्ष 06 खिलाड़ियों का चयन किया गया है।
प्रतियोगिता में अव्वल आने वाले खिलाड़ी।
विज्ञापन
विस्तार
बिहार राज्य खेल प्रतिभा खोज मशाल 2025 में सुपौल के पांच छात्र-छात्राओं ने अपना परचम लहराया है। 05-06 अक्टूबर को पटना के पाटलीपुत्रा खेल परिषद कंकड़बाग में आयोजित प्रतियोगिता के दौरान क्रिकेट बॉल थ्रो अंडर 16 में श्री लालेश्वरनाथ उच्च विद्यालय मरौना की छात्रा भारती कुमारी ने शीर्ष स्थान हासिल किया है। इसके अलावा उत्क्रमित उच्च विद्यालय डभारी के छात्र प्रेम सागर ने क्रिकेट बॉल थ्रो अंडर 16 में तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि अंडर 14 वर्ग के 60 मीटर दौड़ में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय वीरपुर के छात्र आदित्य कुमार तीसरे स्थान पर रहे।
Trending Videos
यह खबर भी पढ़ें-Bihar Election 2025: दरभंगा या मधुबनी? यहां से बिहार चुनाव लड़ना चाह रहीं मैथिली ठाकुर, भाजपा को बताई इच्छा
विज्ञापन
विज्ञापन
टीम का नेतृत्व कर रही शिक्षिका अपराजिता सिन्हा ने बताया कि बॉल थ्रो, दौड़, साइकलिंग व लंबी कूद प्रतियोगिता के लिए 16 सदस्यीय खिलाड़ियों की टीम उनके साथ पटना गई थी। जिसमें 08 छात्र व 08 छात्रा शामिल थे। प्रतियोगिता के दौरान सभी विधाओं में शीर्ष 06 खिलाड़ियों का चयन किया गया। इसमें अंडर 14 के 600 मीटर दौड़ में उच्च विद्यालय बसंतपुर की छात्रा अंकिता कुमारी और अंडर 16 के 800 मीटर दौड़ में उच्च विद्यालय बसबिट्टी की छात्रा सपना कुमारी ने पांचवां स्थान हासिल किया। सभी विजयी खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। हालांकि, अभी राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तिथि का निर्धारण नहीं हुआ है। टीम में बतौर सहयोगी शिक्षिका बबीता कुमारी और सुनीला गुप्ता भी उनके साथ मौजूद रही। इधर, कबड्डी प्रतियोगिता के लिए भी सुपौल की टीम भोजपुर पहुंची। हालांकि, मंगलवार को हुए अंडर 14 और अंडर 16 मुकाबलों में उसे पश्चिमी चंपारण के हाथों हार का सामना करना पड़ा।
शारीरिक शिक्षक ने मनोबल बढ़ाया, क्रिकेटर पिता का मिला साथ
क्रिकेट बॉल थ्रो में शीर्ष स्थान हासिल करने वाली भारती मरौना उत्तर पंचायत के वार्ड 03 निवासी लालेश्वर चौपाल उर्फ लालमणि की पुत्री है। लालेश्वर पेशे से किसान हैं और वर्तमान में पंचायत समिति सदस्य के रूप में समाजसेवा कर रहे हैं। वही मां घुरनी देवी गृहिणी हैं। चार भाई बहनों में सबसे छोटी भारती अपनी सफलता का श्रेय शारीरिक शिक्षक मनुवंश सिंह बघेला को देती है। वह बताती है कि पिता ने समाज और रिश्तेदारों के विरोध के बावजूद उसका साथ नहीं छोड़ा। वह आगे मुकाम हासिल कर परिवार का मान बढ़ाना चाहती है। वही पिता लालेश्वर कहते हैं कि वह पूर्व में क्रिकेटर रहे हैं। लिहाजा खिलाड़ी की भावनाओं का सम्मान करना जानते हैं। ग्रामीण और रिश्तेदारों ने इसको लेकर कई बार एतराज जताया कि बेटी खेलकूद में रहती है। लेकिन उन्होंने कभी परवाह नहीं की। वह खुद 10वीं तक पढ़े हैं और पत्नी केवल प्राइमरी की ही पढ़ाई कर सकी। इसलिए बड़ी बेटी उमा और आरती को इंटरमीडिएट तक पढ़ाया। बेटा दीपक भी ग्रेजुएशन कर रहा है। वह कहते हैं कि भारती जहां तक पढ़ेगी और जब तक खेलेगी, वह उसका साथ देंगे।