{"_id":"6993120b8341ac8d68025f08","slug":"bihar-news-youth-called-from-bengaluru-for-marriage-shot-dead-and-beheaded-police-arrest-accused-kosi-news-c-1-1-noi1476-3958146-2026-02-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar News: शादी का झांसा देकर बुलाया, भाइयों ने सिर में मारी गोली और गला काटा, 72 घंटे में पुलिस ने खोला राज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar News: शादी का झांसा देकर बुलाया, भाइयों ने सिर में मारी गोली और गला काटा, 72 घंटे में पुलिस ने खोला राज
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहरसा
Published by: कोसी ब्यूरो
Updated Tue, 17 Feb 2026 10:18 AM IST
विज्ञापन
सार
बिहार के सहरसा जिले के सोनवर्षा थाना क्षेत्र में सुरसर नदी किनारे 12 फरवरी को मिला सिर कटा शव प्रेम प्रसंग में की गई हत्या का मामला निकला। मृतक की पहचान नारायणपुर निवासी 26 वर्षीय राजेश यादव के रूप में हुई, जो बेंगलुरु में काम करता था।
प्रेस वार्ता करते एसपी हिमांशु पुलिस गिरफ्त में आरोपी बरामद हथियार व कारतूस
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
बिहार के सहरसा जिले में धोखे से की गई हत्या की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सोनवर्षा थाना क्षेत्र में सुरसर नदी के किनारे 12 फरवरी को मिला सिर कटा शव आखिरकार पुलिस ने पहचान लिया और मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने बताया कि यह हत्या प्रेम प्रसंग में की गई थी। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 72 घंटे के भीतर मामले का उद्भेदन कर मुख्य आरोपी दर्शन यादव उर्फ दर्शन कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
Trending Videos
शादी का झांसा देकर बेंगलुरु से बुलाया
जांच में पता चला कि मृतक की पहचान डरहार थाना क्षेत्र के नारायणपुर निवासी 26 वर्षीय राजेश यादव के रूप में हुई है। वह बेंगलुरु में एक निजी कंपनी में मजदूरी करता था। राजेश का एक युवती से पिछले तीन से चार साल से प्रेम संबंध था। इसी वजह से युवती की शादी टूट गई थी, जिससे उसके परिवार खासकर भाई राजेश से बेहद नाराज थे। साजिश के तहत युवती के भाइयों ने राजेश को शादी का झांसा दिया। प्रेमिका से फोन कराकर कहा गया कि घर वाले शादी के लिए तैयार हैं, तुम आ जाओ। इस भरोसे पर राजेश 11 फरवरी को बेंगलुरु से सहरसा पहुंच गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
पहले गोली मारी, फिर गला काटा
सहरसा स्टेशन पर प्रेमिका के भाई दर्शन यादव ने राजेश को बाइक पर बैठाया। उसे इधर उधर घुमाने के बाद शाम को सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र के एक सुनसान इलाके में ले जाया गया। जब राजेश ने पूछा कि कहां ले जा रहे हो, तो आरोपियों ने कहा कि पास के मंदिर में सब लोग इंतजार कर रहे हैं और वहीं शादी होगी। इसके बाद उसे सुरसर नदी किनारे ले जाकर पहले सिर में गोली मारी गई। इसके बाद भी आरोपियों का मन नहीं भरा तो चाकू से गला काटकर सिर को धड़ से अलग कर दिया।
सोशल मीडिया से हुई पहचान
एसपी हिमांशु ने बताया कि 12 फरवरी को अज्ञात शव मिलने पर थाना कांड संख्या 26/26 दर्ज किया गया था। पुलिस ने शव की तस्वीर सोशल मीडिया पर जारी की, जिससे 12 घंटे के भीतर मृतक की पहचान हो गई। इसके बाद सिमरी बख्तियारपुर के एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से सहरसा सदर थाना क्षेत्र निवासी आरोपी दर्शन यादव को सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया।
हथियार और चाकू बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया देशी कट्टा, पांच जिंदा कारतूस और बाइक जब्त की है। पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर ले गई और घटनाक्रम को दोहराया गया। वहीं खेत से खून से सना चाकू भी बरामद हुआ, जिससे गला काटा गया था। साथ ही गोली का एक खोखा भी मिला है।एसपी हिमांशु ने बताया कि आरोपी दर्शन ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उसने बताया कि इस वारदात में उसके साथ दो अन्य लोग भी शामिल थे। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और इसलिए उनके नाम फिलहाल गोपनीय रखे गए हैं।