Bihar News: सहरसा में बुजुर्ग की मौत पर मचा बवाल, परिजनों ने डायल 112 पुलिस पर लगाया पीट-पीटकर हत्या का आरोप
Saharsa News: सहरसा के पतरघट में जलावन रखने को लेकर हुए पारिवारिक विवाद के बाद एक बुजुर्ग की संदिग्ध मौत हो गई। मृतक के बेटे ने मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम पर धक्का-मुक्की और पिटाई कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
विस्तार
सहरसा जिले के पतरघट थाना इलाके में रविवार देर शाम एक 69 वर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मामला तब तूल पकड़ लिया जब मृतक के परिजनों ने घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंची डायल 112 की पुलिस टीम पर ही हत्या का सनसनीखेज आरोप लगा दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
मृतक की पहचान पतरघट थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 07 निवासी बेचन साह (69) के रूप में हुई है, जो पेशे से किसान थे। मृतक के बेटे महेंद्र साह ने बताया कि रविवार शाम करीब 6 बजे उनके पिता खेत से जलावन के लिए लकड़ी लेकर आए थे और उसे दरवाजे पर रख दिया। इसी बात को लेकर उनके भाई सुशील साह की पत्नी फूलों देवी और बेटी अंशु कुमारी ने विवाद शुरू कर दिया।
बहू ने मारपीट का आरोप लगाकर बुलाई थी पुलिस
आरोप है कि फूलों देवी ने ही डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी कि उसके साथ मारपीट की जा रही है। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और फूलों देवी व उसकी बेटी को रेस्क्यू कर थाने ले आई। इसी दौरान बेचन साह की मौत हो गई। बेटे महेंद्र का सीधा आरोप है कि डायल 112 के पुलिसकर्मियों की धक्का-मुक्की और पिटाई से उनके पिता की जान गई है।
ये भी पढ़ें- Bihar: विपक्ष के नेता ही नहीं, मुद्दे भी गायब; वोट चोरी पर अचानक चुप क्यों हो गए राहुल गांधी
पुलिस ने आरोपों को नकारा, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही सहरसा सदर एसडीपीओ आलोक कुमार और एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंची। एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया, “एक महिला ने डायल 112 पर मारपीट किए जाने की सूचना दी थी। पुलिस टीम के पहुंचने के दौरान ही एक बुजुर्ग की मौत हुई है। प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर पर मारपीट के कोई जख्म नहीं हैं।”
उन्होंने कहा कि यह एक संदिग्ध मौत है और परिजनों के आरोपों को लेकर गंभीरता से जांच की जा रही है। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।