Bihar: झाड़ियों से मिला युवक का शव, गले पर गहरे जख्म; हत्या की आशंका, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
बिहार के लखीसराय जिले के पीरीबाजार थाना क्षेत्र में सड़क किनारे झाड़ियों से सूरज रजक नामक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के गले पर गहरे जख्म मिले हैं और घटनास्थल से खून के निशान व एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के लखीसराय जिले में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पीरीबाजार थाना क्षेत्र में सड़क किनारे झाड़ियों से एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक के गले पर गहरे जख्म मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल से खून के निशान और एक मोबाइल फोन भी मिला है। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं और हर पहलू से मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुबह टहलने निकले लोगों ने देखा शव
घटना पीरीबाजार थाना क्षेत्र के महेशपुर जाने वाली सड़क पर खोटा अहरा के पास महुआ के पेड़ के समीप की है। शनिवार सुबह जब ग्रामीण टहलने निकले तो झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पीरीबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
गले पर गहरे जख्म, हत्या की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में युवक के गले पर गंभीर जख्म मिले हैं। सड़क पर काफी मात्रा में खून भी मिला, जबकि शव कुछ दूरी पर झाड़ियों में पड़ा था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और नहीं, बल्कि घटनास्थल के पास ही की गई और बाद में शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया। हालांकि पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक मौत के कारण पर अंतिम टिप्पणी करने से इनकार किया है।
मृतक की पहचान सूरज रजक के रूप में हुई
पुलिस ने मृतक की पहचान धनौरी निवासी चौकीदार रामधारी रजक के पोते सूरज रजक के रूप में की है। पहचान होने के बाद परिजनों में मातम छा गया। बताया गया कि सूरज का ससुराल कजरा थाना क्षेत्र के टाल वंशीपुर गांव में है और वह पिछले कुछ दिनों से वहीं रह रहा था। ऐसे में वह पीरीबाजार कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, यह जांच का अहम हिस्सा बन गया है।
यह भी पढ़ें: आज बिहारवासियों को खास तोहफा देंगे सीएम सम्राट चौधरी, हेली पर्यटन योजना का शुभारंभ
मोबाइल मिला, तकनीकी जांच शुरू
घटनास्थल से पुलिस ने एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। अब कॉल डिटेल, संपर्क और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का मानना है कि मोबाइल इस केस में अहम सुराग साबित हो सकता है।
एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और खून के नमूनों समेत अन्य साक्ष्य जुटाए। वैज्ञानिक जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि वारदात कैसे हुई और इसमें कौन-कौन शामिल था।
तीन थानों की पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पीरीबाजार थाना अध्यक्ष चंद्रवीर सिंह के साथ मेदनीचौकी थाना अध्यक्ष चितरंजन कुमार और मानिकपुर थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच तेज कर दी है।
हर एंगल से जांच, जल्द खुलासे का दावा
घटना के बाद इलाके में प्रेम प्रसंग और निजी रंजिश को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि पुलिस ने किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। परिजनों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का दावा है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।