Bihar News: तलाकशुदा महिला से शादी बनी जानलेवा, पूर्व पति ने दिनदहाड़े गोली मारकर ली युवक की जान
रहमतपुर गांव में एक युवक को सिर्फ इसलिए सरेराह गोलियों से भून दिया गया क्योंकि उसने एक तलाकशुदा महिला से शादी कर ली थी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
विस्तार
खगड़िया जिले के मड़ैया सहायक थाना क्षेत्र अंतर्गत रहमतपुर गांव में बुधवार को दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय बॉबी कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक ने एक तलाकशुदा महिला से शादी की थी, जिससे महिला का पूर्व पति नाराज चल रहा था। इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
बताया जा रहा है कि बॉबी कुमार अपने घर से मड़ैया बाजार जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान गांव के रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे हथियारबंद बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में बॉबी कुमार को दो से तीन गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोलीबारी की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई।
ये भी पढ़ें: Bihar: नकली स्नैक्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, बाजार में खपाया जा रहा था जाली माल; उत्पाद व पैकेजिंग सामग्री जब्त
मृतक के भाई नीतीश कुमार ने बताया कि बॉबी ने जिस महिला से शादी की थी, उसका अपने पहले पति से तलाक हो चुका था। हालांकि महिला का पूर्व पति इस रिश्ते से नाराज था और लगातार धमकी दे रहा था। परिजनों का आरोप है कि उसी ने अपने भाइयों के साथ मिलकर इस हत्या की साजिश रची और घटना को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मड़ैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मृतक के भाई ने कहा कि मेरे भाई का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने एक ऐसी महिला का साथ दिया, जिसे उसका पति छोड़ चुका था। इसी बात के चलते दिनदहाड़े उसकी हत्या कर दी गई।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.