Bihar News: मोबाइल नंबर विवाद में विवाहिता की संदिग्ध मौत, इलाके मचा हड़कंप, पुलिस ने शुरू की जांच
मुंगेर जिले के कासिम बाजार थाना क्षेत्र में 30 वर्षीय रीना देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है, जबकि परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। घटना का कारण मोबाइल नंबर को लेकर हुई विवाद बताया जा रहा है।
विस्तार
मुंगेर जिले के कासिम बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलन बाजार कृष्णा रोड स्थित मंडल टोला में शुक्रवार रात 30 वर्षीय रीना देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है, जबकि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मोबाइल नंबर विवाद के बाद हुई घटना
रीना देवी, मुरारी वर्मा की पत्नी थीं। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार रात घर के सदस्य पड़ोस में आयोजित शादी समारोह में गए हुए थे। इसी दौरान लल्लू पोखर निवासी बुधो सहनी उनके घर पहुंचे और रीना से मोबाइल नंबर मांगने लगे। नंबर देने से इनकार करने पर दोनों के बीच कहासुनी हुई। बताया गया कि महिला उसी रात शिकायत दर्ज कराने थाना के लिए निकली थीं, लेकिन गश्ती पुलिस ने उन्हें सुबह आने की सलाह दी और वापस भेज दिया।
पढ़ें: वैशाली में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष, जमकर चले लाठी-डंडे और चाकू; 11 लोग हुए घायल
सुबह पति ने देखा फंदे पर लटकती पत्नी
शनिवार सुबह पति जब घर लौटे, तो उन्होंने रीना को कमरे में फंदे से झूलते देखा। तुरंत सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना स्थल पर एफएसएल टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस कर रही है दोनों बिंदुओं पर जांच
पति के अनुसार, आरोपी से पहले मोबाइल पर बातचीत को लेकर विवाद हुआ था और रीना ने नंबर बदल दिया था। पुलिस अब हत्या और आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है। महिला ने अपने पीछे दो मासूम बच्चों को छोड़ दिया है। पुलिस ने कहा कि सभी साक्ष्यों और बयान के आधार पर मामले की पूरी जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।