{"_id":"697e0f50af7d65b0ac037846","slug":"police-raid-at-chaat-chitram-restaurant-in-jamalpur-three-including-two-girls-detained-for-questioning-munger-news-c-1-1-noi1377-3899868-2026-01-31","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar News: जमालपुर में ‘चाट चियर्स’ रेस्टोरेंट पर पुलिस का छापा, दो युवतियां व दो युवक हिरासत में","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar News: जमालपुर में ‘चाट चियर्स’ रेस्टोरेंट पर पुलिस का छापा, दो युवतियां व दो युवक हिरासत में
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंगेर
Published by: मुंगेर ब्यूरो
Updated Sat, 31 Jan 2026 10:18 PM IST
विज्ञापन
सार
Bihar News: जमालपुर थाना क्षेत्र के गायत्री नगर स्थित चाट चियर्स रेस्टोरेंट पर पुलिस ने अवैध गतिविधियों की शिकायत के बाद छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दो युवतियों और दो युवकों को हिरासत में लिया गया। हालांकि कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं होने पर सभी को पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है
विज्ञापन
विस्तार
मुंगेर जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र के जमालपुर मुंगेर पथ स्थित गायत्री नगर में संचालित ‘चाट चियर्स’ नामक रेस्टोरेंट पर शनिवार को पुलिस ने अवैध गतिविधियों की शिकायत के आधार पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने रेस्टोरेंट से दो युवतियों और दो युवकों को हिरासत में लिया और रेस्टोरेंट संचालक को थाने ले आई। पुलिस की इस कार्रवाई से आसपास के अन्य रेस्टोरेंटों में भी हड़कंप मच गया।
Trending Videos
'अनैतिक गतिविधियों की शिकायत पर हुई कार्रवाई'
थाना अध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गायत्री नगर क्षेत्र में संचालित कुछ रेस्टोरेंटों में अनैतिक गतिविधियां कराई जा रही हैं, जहां संचालक पैसों के बदले गोपनीय केबिन उपलब्ध कराते हैं। इसी क्रम में 25 जनवरी को भी इसी मकान में संचालित विकास यादव के टी-स्टॉल पर छापेमारी की गई थी। उस दौरान विकास यादव मौके से फरार हो गया था, जबकि टी-स्टॉल की फोरेंसिक जांच कराई गई थी। हालांकि फोरेंसिक रिपोर्ट अब तक प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं
शनिवार को भी चाट चियर्स रेस्टोरेंट में युवक-युवतियों के अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान रेस्टोरेंट के अलग-अलग दो गोपनीय केबिनों से दो युवक और दो युवतियों को बरामद किया गया। हालांकि रेस्टोरेंट से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हो सकी। पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए युवक-युवतियों के परिजनों को थाने बुलाकर पीआर बॉन्ड भरवाने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। बरामद युवतियां धरहरा और बरियारपुर की निवासी बताई गई हैं, जबकि युवक मेदनी चौकी और फरदा से आए थे।
आईआईपी नेता का निकला कनेक्शन
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गायत्री नगर स्थित इंडियन गैस गोदाम रोड पर यह मकान परमेश्वर महतो का है। उन्होंने मकान का अगला हिस्सा रेस्टोरेंट संचालन के लिए नरेंद्र तांती को दे रखा था। नरेंद्र तांती हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में जमालपुर विधानसभा क्षेत्र से इंडियन इन्क्लूसिव पार्टी की ओर से महागठबंधन के प्रत्याशी रह चुके हैं। हालांकि छापेमारी के दौरान वे मौके पर मौजूद नहीं थे।
नरेंद्र तांती ने झाड़ा पल्ला
नरेंद्र तांती ने पुलिस को बताया कि राजनीतिक व्यस्तताओं के कारण उन्होंने लगभग एक माह पूर्व ही यह रेस्टोरेंट शिवम नामक युवक को लीज पर दे दिया था और वर्तमान में रेस्टोरेंट के संचालन से उनका कोई संबंध नहीं है।
ये भी पढ़ें: जाली नोटों के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, इंडो नेपाल सीमा पर SSB व STF के जाल में जानें कैसे फंसे आरोपी?
'पुलिस की निगरानी में रहेगा रेस्टोरेंट'
पुलिस हिरासत में लिए गए रेस्टोरेंट संचालक शिवम से थाना अध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने कड़ाई से पूछताछ की और रेस्टोरेंट से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। साथ ही सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि रेस्टोरेंट के अंदर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं और गोपनीय केबिनों को तत्काल हटाया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि रेस्टोरेंट का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए, अन्यथा अगली बार रेस्टोरेंट को सील कर दिया जाएगा। थाना अध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल पर्याप्त साक्ष्य के अभाव में सभी को पीआर बॉन्ड पर छोड़ा जा रहा है, लेकिन क्षेत्र में संचालित सभी रेस्टोरेंट अब पुलिस की निगरानी में रहेंगे।
