Bhumihar Brahmin : बिहार में जमीन के दस्तावेजों में 'भूमिहार ब्राह्मण' लिखा जाएगा; उप मुख्यमंत्री का बड़ा एलान
Bihar News : बिहार में भूमिहार और भूमिहार ब्राह्मण को लेकर विवाद चल रहा है। फैसला सरकार की ओर से आना बाकी है। लेकिन, इस बीच राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री व राज्य के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने बड़ा एलान कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार की जाति आधारित जनगणना के समय कई जातियों को उप-जातियों में बांटने को लेकर खूब हंगामा मचा था। भूमिहार जाति ने इसपर सबसे कड़ा प्रतिरोध जताया था। जातीय जनगणना के आधार पर आरक्षण लागू होने के बाद भी सुप्रीम कोर्ट के निर्णय पर सरकार को फैसला वापस लेना पड़ा था। मामला उसके बाद से शांत था। अब करीब दो महीने से कई बार भूमिहार और भूमिहार ब्राह्मण को लेकर हंगामा फिर बढ़ा हुआ है। बात सवर्ण आयोग तक गई। सवर्ण आयोग दो फाड़ हो गया। फैसला सरकार को लेना है कि जाति भूमिहार लिखी जाए या भूमिहार ब्राह्मण। इस बीच, सोमवार को बिहार के मुजफ्फरपुर से बड़ी खबर निकली। यहां एक कार्यक्रम के दौरान नीतीश कुमार सरकार के भाजपाई उप मुख्यमंत्री और राज्य के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सीधा आदेश जारी कर दिया- "सरकार के जमीन संबंधित दस्तावेजों में कहीं सिर्फ भूमिहार नहीं लिखें, जहां भी लिखें भूमिहार ब्राह्मण ही लिखें।"
विजय सिन्हा का निर्देश- जल्द सुधार कर दें
डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने राज्य के सभी अंचल अधिकारी और भूमि सुधार विभाग के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अब भूमिहार ब्राह्मण लिखा जाएगा। इसे जल्द से जल्द सुधारें। मुजफ्फरपुर के बाबा साहब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय के प्रेक्षा गृह में आयोजित भूमि सुधार जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान में आए एक व्यक्ति की समस्या को सुनने के बाद उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिया।
शिकायत थी- भूमिहार ब्राह्मण क्यों नहीं लिखते?
डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के जनता दरबार में शिकायत लेकर आए व्यक्ति ने कहा कि उसके खतियान में भूमिहार लिखा गया है, जबकि यहां ज्यादातर लोग ब्राह्मण भूमिहार जाति के आए हैं। फिर भूमिहार ब्राह्मण क्यों नहीं किया जा रहा है? इस दौरान में डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा कि,ये किसी जाति की बैठक नहीं, बल्कि यह संपूर्ण राज्य के लोगों की बैठक है। बिहारियों के कल्याण के लिए हम यहां बैठे हुए हैं। आप चिंता नहीं करें, आम आदमी की समस्या के लिए हम हैं। उस शख्स ने कहा कि हमारे खतियान में पहले भूमिहार ब्राह्मण लिखा था, लेकिन अब केवल भूमिहार कर दिया गया है। डिप्टी सीएम ने कहा जो खतियान में लिखा गया है, वो सही जल्द होगा। अब से भूमिहार ब्राह्मण ही लिखा जाएगा और पहले जो चलता था, वही चलेगा। उसमें कोई बदलाव नहीं होगा। इसके साथ ही उन्होंने ताकीद कर दी कि इसमें कोई गड़बड़ी नहीं करेगा। इस दौरान में उन्होंने मौके पर मौजूद सभी आला अधिकारी को इसका तत्काल अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।