सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Fraud in name of giving loans to women by forming groups in vaishali bihar

Bihar News: पुलिस थाने से कुछ ही दूरी पर चल रहा था धोखाधड़ी का खेल, महिलाओं को लगाया लाखों का चूना

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वैशाली Published by: तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो Updated Thu, 19 Mar 2026 05:22 PM IST
विज्ञापन
सार

Bihar News: वैशाली के राघोपुर में फर्जी कंपनी गोल्ड कैपिटल सर्विस लिमिटेड के जरिए महिलाओं को लोन का झांसा देकर पहले सामान खरीदने के नाम पर पैसे जमा कराए गए और फिर ऑफिस बंद कर लूटेरे फरार हो गए। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर सामान जब्त किया है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Fraud in name of giving loans to women by forming groups in vaishali bihar
जांच पड़ताल करती पुलिस
विज्ञापन

विस्तार

वैशाली जिले के राघोपुर में महिलाओं को ग्रुप बनाकर लोन देने का प्रलोभन देकर कंपनी से सामान खरीदने के नाम पर पैसे जमा कर सैकड़ों महिलाओं से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। महिलाओं ने इस मामले में राघोपुर थाने में कंपनी के तीन नामजद एवं अन्य अज्ञात कर्मियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Trending Videos


छापेमारी से पहले आरोपी फरार
जानकारी के अनुसार, राघोपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर चौक स्थित गोल्ड कैपिटल सर्विस लिमिटेड नामक कंपनी के ऑफिस से पुलिस ने कई कागजात और अन्य सामान जब्त किए हैं। हालांकि छापेमारी के दौरान कंपनी के कोई भी कर्मी गिरफ्तार नहीं हो सके, सभी ऑफिस में ताला बंद कर फरार हो गए।
विज्ञापन
विज्ञापन


आरोपियों ने घटना को कैसे दिया अंजाम
इस मामले में जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र के वीरपुर वार्ड नंबर 5 निवासी प्रमोद राय की पत्नी काजल देवी ने कंपनी के कर्मी राहुल कुमार, रंजीत कुमार एवं अन्य सहयोगियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि कंपनी के कर्मियों ने महिलाओं का समूह बनवाकर 50 हजार रुपये लोन देने का झांसा दिया और उनसे पहले सामान खरीदने के नाम पर पैसे जमा करा लिए।

लोन के नाम पर किया फ्रॉड
प्राथमिकी के अनुसार, 13 मार्च को करीब 3:30 बजे राहुल कुमार और रंजीत कुमार (जिनका पूरा पता अज्ञात है) पल्सर बाइक (रजिस्ट्रेशन नंबर BR 26AE 2594) से काजल देवी के घर पहुंचे। उनके मोबाइल नंबर 8051217989, 7600183437, 8986586247 और 947039366 बताए गए हैं। दोनों ने कहा कि 11 महिलाओं का समूह बनाइए, जिसके बाद 50 हजार रुपये का लोन पास करा दिया जाएगा।

जमा कराए कागजात
इसके बाद उन्होंने महिलाओं को बताया कि उनका बैंक 'गोल्ड कैपिटल सर्विस लिमिटेड' के नाम से है, जिसका ऑफिस फतेहपुर चौक पर स्थित है। लोन लेने के लिए पहले टीवी, मिक्सी मशीन, आयरन, हॉटपॉट, सोलर लाइट, सिलाई मशीन, पंखा या वाशिंग मशीन में से कोई एक सामान खरीदना होगा। इसके लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, राशन कार्ड, वोटर कार्ड और बैंक पासबुक जमा करने को कहा गया।

पैसे लिए लेकिन घर नहीं पहुंचा सामान
16 मार्च की सुबह 7 बजे सभी महिलाओं को पैसे लेकर ऑफिस बुलाया गया। वहां करीब चार कर्मचारी मौजूद थे, जिनमें राहुल कुमार, रंजीत कुमार और एक अन्य कर्मचारी छोटू कुमार शामिल था। अलग-अलग गांवों से करीब 100 के आसपास महिलाएं वहां पहुंचीं और सभी ने अपने-अपने सामान के अनुसार पैसे जमा कर दिए। कर्मचारियों ने भरोसा दिलाया कि शाम 6 बजे तक सामान घर पहुंच जाएगा। लेकिन शाम तक न तो कोई सामान पहुंचा और न ही कर्मचारियों से संपर्क हो पाया। जब महिलाओं ने कॉल किया तो सभी मोबाइल नंबर बंद मिले। इसके बाद 17 मार्च की सुबह जब महिलाएं ऑफिस पहुंचीं तो वहां ताला लटका मिला। इस दौरान रुस्तमपुर थाना और राघोपुर क्षेत्र की कई अन्य महिलाएं भी वहां मौजूद थीं, जो ठगी का शिकार हुई थीं।

दो हजार से 8800 तक की हुई वसूली
पीड़ित महिलाओं ने बताया कि उनसे 2 हजार से लेकर 8800 रुपये तक वसूले गए हैं। सभी को विश्वास है कि कंपनी के कर्मियों ने सुनियोजित तरीके से साइबर फ्रॉड कर ठगी की है। इस पूरे मामले में नामजद आरोपियों सहित अन्य कर्मियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

ये भी पढ़ें: हाइवा ने साइकिल सवार को 25 मीटर तक घसीटा; क्षत-विक्षत हुआ शव, मुआवजे को लेकर सड़क जाम

थाने से महज कुछ दूरी पर चल रहा था खेल
यह पूरा ठगी का खेल राघोपुर थाना से कुछ ही दूरी पर चल रहा था। शिकायत मिलने के बाद राघोपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए ऑफिस से करीब एक दर्जन कुर्सियां, चार टेबल, सूचना बोर्ड, पांच कैनवास बोर्ड, समूह बनाने के करीब ढाई सौ से अधिक फॉर्म और कई मोहर जब्त किए। थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि स्थानीय महिलाओं की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।


 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed