Bihar News : शादी में हर्ष फायरिंग बनी हादसा, चौकीदार की पत्नी को लगी गोली; आधा दर्जन लोगों पर एफआईआर
वैशाली के भागवतपुर गांव में शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में चौकीदार की पत्नी गोली लगने से घायल हो गई। पुलिस ने बिना अनुमति आर्केस्ट्रा आयोजन और फायरिंग मामले में आधा दर्जन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
विस्तार
वैशाली थाना क्षेत्र के भागवतपुर गांव में 12 फरवरी की रात शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में चौकीदार की पत्नी के घायल होने के मामले में पुलिस ने आधा दर्जन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, दिनेश राय की पुत्री कुमारी काजल के विवाह समारोह में जयमाला के बाद बिना अनुमंडल दंडाधिकारी की अनुमति के आर्केस्ट्रा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने दो नाली बंदूक से फायरिंग कर दी, जिससे समारोह में शामिल रेखा देवी (पति मुकेश कुमार), निवासी परवारा, थाना बेलसर, जिला वैशाली, के बाएं पैर में गोली लग गई। उन्हें तत्काल मुजफ्फरपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सदर-2 एसडीपीओ गोपाल मंडल, वैशाली थाना अध्यक्ष राजकुमार तथा एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस ने बताया कि मौके पर स्टेज के पास काफी मात्रा में खून मिला। एफएसएल टीम ने वैज्ञानिक तरीके से जांच की।
ये भी पढ़ें- Bihar News: भ्रष्टाचार पर सरकार की सख्ती, घटिया करना पड़ा भारी; दरभंगा की ये कंपनी 10 साल के लिए ब्लैकलिस्ट
जांच के दौरान ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला कि समारोह में मौजूद दूल्हे अरविंद राय (पिता रामवृक्ष राय), निवासी मोहनपुर, थाना गोरौल, ने अपने हाथ में रखी दो नाली बंदूक से फायरिंग की थी, जिससे रेखा देवी घायल हुईं।
इस मामले में पुलिस ने आयोजनकर्ता दिनेश राय, रमेश राय (दोनों पिता रामश्रेष्ठ राय, निवासी भागवतपुर), अरविंद राय, रामवृक्ष राय (दोनों निवासी मोहनपुर, थाना गोरौल), जितेंद्र यादव (पिता रामाशीष राय, निवासी वैशाली) तथा भाग नारायण राय (पिता दशई राय, निवासी दिलावरपुर, थाना लालगंज) समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों ने बिना प्रशासनिक अनुमति के आर्केस्ट्रा कार्यक्रम आयोजित किया था। मामले की जांच जारी है।