बिहार में जमीन विवाद में हैवानियत: चाची ने दो साल के मासूम की गला दबाकर हत्या, बोरे में छिपाया शव; कबूला जुर्म
शिवहर के ताजपुर गांव में दो साल के मासूम सुजीत कुमार की गला दबाकर हत्या कर दी गई। जमीन विवाद में पड़ोस की महिला पर हत्या का आरोप है। पुलिस ने बोरे में बंद शव बरामद कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार
शिवहर जिले के ताजपुर गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां दो साल के मासूम सुजीत कुमार की हत्या कर दी गई। बच्चे का शव बोरे में बंद हालत में एक घर के छज्जे के पास से बरामद होने के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतक सुजीत कुमार ताजपुर निवासी अरुण साह का पुत्र था। अरुण साह नागालैंड में मजदूरी करते हैं, जबकि उनकी पत्नी चिंता देवी गांव में रहकर बच्चों का पालन-पोषण करती हैं। परिवार में एक तीन साल की बेटी और दो साल का इकलौता बेटा सुजीत था।
ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे से ही सुजीत लापता था। परिवार और ग्रामीण उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी बच्चे का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद मामले की सूचना शिवहर थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अरुण साह के चचेरे भाई चंद किशोर साह के घर में बच्चे के शव के संबंध में सुराग मिल सकते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने चंद किशोर साह (पिता कमल साह) के घर में तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर के छज्जे के पास एक बोरे में बंद मासूम सुजीत कुमार का शव बरामद किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी शुभांक मिश्रा, नगर थाना अध्यक्ष रणधीर कुमार सिंह सहित कई थानों की पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल शिवहर भेज दिया। घटना के बाद गांव में एहतियातन भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि चंद किशोर साह की पत्नी प्रभावती देवी ने ही गला दबाकर बच्चे की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि जमीन संबंधी विवाद को लेकर सुजीत की मां चिंता देवी और प्रभावती देवी के बीच पहले से ही अक्सर झगड़ा होता रहता था। आरोप है कि जमीन नहीं देने पर आरोपी महिला पहले भी वंश खत्म करने की धमकी देती थी।
पढे़ं: चेन्नई की फ्लाइट पकड़ने आया था, एयरपोर्ट स्कैनिंग में खुली पोल; गांजा लेकर पहुंचा यात्री हुआ गिरफ्तार
मृत बच्चे के मामा मंडन साह ने बताया कि पहले से चल रहे विवाद के कारण ही आरोपी महिला ने मासूम की हत्या कर शव को बोरे में बंद कर घर के छज्जे के पास छिपा दिया था। उन्होंने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। इस संबंध में एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे सूचना मिली थी कि दो साल का बच्चा लापता है। पुलिस टीम ने तत्काल खोजबीन शुरू की। गुप्त सूचना के आधार पर संबंधित घर में सर्च अभियान चलाया गया, जहां से देर शाम बोरे में बंद बच्चे का शव बरामद हुआ।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी महिला ने स्वीकार किया है कि पड़ोस में रहने वाली महिला से चल रहे विवाद और बदले की भावना में उसने बच्चे की हत्या कर दी। घटनास्थल पर एफएसएल टीम द्वारा जांच कर साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया बच्चे की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका है। हालांकि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गांव में स्थिति सामान्य बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।