Bihar News: मुजफ्फरपुर में अपराधियों का तांडव, दो लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग; गंभीर हालत में भर्ती
Bihar News: मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र में देर रात कपड़ा मंडी से लौट रहे दो युवकों को सुनसान इलाके में बदमाशों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जबकि पुलिस इसे आपसी रंजिश से जुड़ा मामला मानकर जांच में जुटी है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र में देर रात गोलीबारी की घटना में दो लोगों को गोली लग गई। गंभीर हालत में दोनों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घायलों की पहचान अनिल कुमार (उम्र 34 वर्ष) और राजकिशोर भगत (उम्र 35 वर्ष), दोनों कांटी थाना क्षेत्र के निवासी के रूप में की गई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे युवक
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि दोनों देर रात मुजफ्फरपुर शहर के कपड़ा मंडी से ड्यूटी खत्म कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश ने कपड़पुरा-बारमतपुर रेल गुमटी के पास उन्हें रोककर गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।
परिजनों ने क्या बताया?
गोली लगने के बाद दोनों घायल सुनसान जगह पर पड़े हुए थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं, परिजनों का कहना है कि घायलों का किसी से कोई विवाद नहीं था, इसके बावजूद अपराधियों ने गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
ये भी पढ़ें: 'ना' बोलने की मिली सजा, मालिक को मारने आए थे हमलावर, ड्राइवर को बना दिया गोली का निशाना
पुलिस ने क्या बताया?
ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि दो लोगों को गोली लगी है। प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। गोली लगने से दोनों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि घटना स्थल पर पुलिस पहुंचकर जांच कर रही है। दोनों साथ में घर लौट रहे थे, इसी दौरान सुनसान जगह पर घटना को अंजाम दिया गया। परिजनों का बयान लिया जा रहा है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.