Bihar News: दिन दहाड़े प्रापर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, सड़क के किनारे पड़ी थी लाश; कानून व्यवस्था पर सवाल
मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े अपराधियों ने प्रॉपर्टी डीलर प्रभाकर कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। अहियापुर थाना क्षेत्र के शिव मंदिर के पास दिनदहाड़े एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान प्रभाकर कुमार सिंह (42 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गायघाट थाना क्षेत्र के जारंग बेरुआ गांव के निवासी थे। वह मुजफ्फरपुर शहर के अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित चाणक्यपुरी में अपना निजी आवास बनाकर रहते थे और यहीं से प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे।
मृतक के परिचित ने जानें क्या बताया
घटना के संबंध में मृतक के परिचित दीपक कुमार ने बताया कि वह अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे प्रभाकर सिंह घायल अवस्था में पड़े मिले। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि उन्हें कई गोलियां लगी थीं, जिसके कारण उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ टाउन-2 बिनीता सिन्हा और अहियापुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मृतक की बाइक और मोबाइल फोन घटनास्थल पर ही मिले हैं।
ये भी पढ़ें- Bihar CM: 'नीतीश कुमार को हम बनाएंगे सीएम, वह भी बगैर शर्त'- महागठबंधन के चर्चित MLA ने दिया ऑफर
परिजनों ने प्रॉपर्टी विवाद में हत्या की आशंका जताई
एसडीपीओ बिनीता सिन्हा ने बताया कि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। परिजनों ने प्रॉपर्टी विवाद में हत्या की आशंका जताई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। साथ ही एफएसएल टीम को बुलाया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
घटना के बाद से मृतक के परिजनों में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

दिन दहाड़े प्रॉपर्टी डीलर की हत्या