Bihar: गैंगवार में मारा गया शूटर गोविंद, प्रॉपर्टी डीलिंग में बढ़ रही धाक से अपराध जगत में था खौफ, इन पर शक
Bihar: मुजफ्फरपुर के पॉश इलाके छोटी कल्याणी स्थित आइकॉन टावर में कुख्यात शूटर गोविंद शर्मा की रविवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने पहले से रेकी कर फ्लैट के पास घात लगाई थी और सिर-गर्दन में कई गोलियां मारकर फरार हो गए। पुलिस को सुपारी किलिंग और अंदरूनी सूचना देने वाले करीबी की भूमिका पर शक है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर में रविवार की रात गैंगवार की घटना में कुख्यात शूटर गोविंद की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पहले से घात लगाए शार्प शूटरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उसे भून दिया। भागने के दौरान अपराधियों ने उसका पीछा कर हत्या की। उसके सिर से लेकर गर्दन तक कई गोलियां मारी गईं। दो शूटरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। उत्तर बिहार से लेकर झारखंड और यूपी तक टॉप शार्प शूटरों में उसका बड़ा नाम था, जिसके ऊपर कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज थे। हत्या के लिए अपराधियों ने विदेशी पिस्टल का इस्तेमाल किया था। वहीं, सीजेड पिस्टल, जिसे गोविंद अपने पास रखता था, वह गायब है।
हत्या के लिए हत्यारों ने चुना सबसे महफूज ठिकाना
मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र स्थित छोटी कल्याणी के आइकॉन टावर के फ्लैट में रविवार देर रात गैंगवार हुई। इसमें कुख्यात शूटर गोविंद शर्मा उर्फ गोविंद कुमार (करीब 40 वर्ष) की हत्या कर दी गई। गोविंद शर्मा अपने लिए लीची लेकर लौटा था और फ्लैट में घुस रहा था, तभी उस पर हमला हुआ। बेहद पॉश इलाके में हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से 9 एमएम पिस्टल के 6 खोखे और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार हत्या के लिए अत्याधुनिक 9 एमएम पिस्टल से फायरिंग की गई। ब्रस्ट फायरिंग में खोखों के साथ जिंदा कारतूस भी निकलते हैं। गोविंद आइकॉन टावर के एक फ्लैट में किराए पर रहता था।
लंबी रेकी के बाद रची गई हत्या की साजिश, शार्प शूटरों पर शक
लंबे समय तक रेकी करने के बाद शूटरों ने उसके फ्लैट को ही वारदात के लिए चुना। फ्लैट के दूसरे तल्ले पर स्थित कमरा नंबर 204 में उसके आने की जानकारी अपराधियों को थी। मुसहरी थाना क्षेत्र में हथियार और कारतूस बरामदगी मामले में जेल जाने के बाद वह सफर के दौरान हथियार लेकर नहीं चलता था। इसी कारण वह घटना के समय निहत्था था। इसकी जानकारी शूटरों को पहले से थी। अन्य जगहों की बजाय फ्लैट का बेसमेंट और सीढ़ियां अपराधियों के लिए सबसे सुरक्षित ठिकाना बन गईं।
किसी करीबी ने दी थी सूचना? परिजनों ने जताया बड़ा शक
परिजनों के अनुसार गोविंद अपने आने-जाने की जानकारी बहुत कम लोगों को देता था। घर के एक-दो सदस्यों और कुछ गिने-चुने लोगों को ही उसके मूवमेंट की जानकारी रहती थी। परिजनों को संदेह है कि उसके किसी करीबी ने उसके आने की सूचना अपराधियों तक पहुंचाई और फिर उसकी हत्या करवाई गई। गोविंद का दुश्मन जानता था कि वह कब आने वाला है और कहां जाएगा। इसी दौरान किसी ने उसके आने की सूचना देकर पल-पल की जानकारी साझा की।
ये भी पढ़ें: आइकॉन टावर में गोलियों की गूंज, कुख्यात शूटर गोविंद को दौड़ाकर भूना; कई चर्चित हत्याकांडों का था आरोपी
पूर्व मेयर हत्याकांड के बाद तमिलनाडु से हुआ था गिरफ्तार
पूर्व मेयर समीर कुमार की हत्या में एके-47 के इस्तेमाल के बाद वह नेपाल भाग गया था, जिसके बाद तमिलनाडु में छिपकर रह रहा था। एसटीएफ ने उसे रामेश्वरम से मंटू शर्मा के पास गिरफ्तार किया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार शूटर गोविंद शर्मा पर जिले के विभिन्न थानों में छह से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। हत्या, रंगदारी, गोलीबारी और लूटपाट जैसी कई बड़ी वारदातों में उसकी संलिप्तता रही है। पूरे फ्लैट परिसर में कहीं भी सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे। पुलिस आसपास की दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। एफएसएल की टीम से भी जांच कराई गई है। परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।