फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   muzaffarpur har ghar tiranga yatra khudiram bose memorial independence day 2026

Bihar News: तिरंगे के रंग में रंगा मुजफ्फरपुर! ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा में उमड़ा देशभक्ति का सैलाब

Wed, 12 Aug 2026 01:12 PM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर Published by: तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो Updated Wed, 12 Aug 2026 01:12 PM IST
सार

मुजफ्फरपुर में बुधवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत लेक फ्रंट मरीन ड्राइव से हुई। तिरंगा यात्रा में बिहार सरकार के मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, विधायक रंजन कुमार, एमएलसी वंशीधर ब्रजवासी, डीएम कुमार गौरव, एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र समेत जिला प्रशासन के अधिकारी और हजारों लोग शामिल हुए।

विज्ञापन
muzaffarpur har ghar tiranga yatra khudiram bose memorial independence day 2026
हर घर तिरंगा झंडा अभियान - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर मुजफ्फरपुर में बुधवार को ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा अभियान की विधिवत शुरुआत की गई। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित तिरंगा यात्रा शहर के लेक फ्रंट मरीन ड्राइव से शुरू होकर कंपनी बाग स्थित अमर शहीद खुदीराम बोस स्मारक स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में बिहार सरकार के मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, भाजपा विधायक रंजन कुमार, एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी, जिलाधिकारी कुमार गौरव, वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र समेत जिला प्रशासन के कई अधिकारी शामिल हुए। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रप्रेम और देश की एकता का संदेश दिया। शहीद खुदीराम बोस स्मारक पर पहुंचकर स्वतंत्रता सेनानी को श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।

विज्ञापन


गुब्बारे उड़ाकर शुरू हुई तिरंगा यात्रा, बच्चों ने लगाए भारत माता के जयकारे
‘हर घर तिरंगा’ यात्रा की शुरुआत मरीन ड्राइव लेक फ्रंट से की गई। इस दौरान गुब्बारे उड़ाकर और हाथों में तिरंगा लेकर अभियान का शुभारंभ हुआ। यात्रा में एक दर्जन से अधिक स्कूलों के हजारों छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। बच्चे ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाते हुए कंपनी बाग स्थित अमर शहीद खुदीराम बोस स्मारक पहुंचे। यहां शहीद खुदीराम बोस को नमन कर स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को याद किया गया। मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता और एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य आम लोगों के बीच राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करना तथा देश की एकता और अखंडता के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
विज्ञापन


डीएम बोले- आजादी के गौरव को जीवंत रखने की पहल
जिलाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि भारत सरकार के निर्देश पर जिले में ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा का आयोजन किया गया है। इसमें आम लोगों की भी भागीदारी रही। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य देश की गुलामी और स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास को याद करते हुए आजादी के गौरव को जीवंत रखना है। डीएम ने जिले के लोगों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह अभियान देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धासुमन अर्पित करने का भी माध्यम है।
विज्ञापन
विज्ञापन


एसएसपी बोले- राष्ट्रप्रेम के साथ आपसी मतभेद भुलाने का संदेश
वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने कहा कि आजादी के आंदोलन के दौरान भी प्रभात फेरियों और विभिन्न यात्राओं के माध्यम से लोगों को एकजुट किया जाता था। ऐसी यात्राएं लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान भारत के प्रति समर्पण और एकता की भावना का प्रतीक है। एसएसपी ने जिले के लोगों को अभियान में शामिल होने के लिए बधाई देते हुए अधिक से अधिक लोगों से इसमें भाग लेने की अपील की।

मंत्री बोले- दुनिया में और मजबूत होगी भारत की पहचान
हर घर तिरंगा यात्रा में शामिल बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के आह्वान पर देशभर के लोगों के बीच राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि देश की उपलब्धियों और विकास की गाथा दुनिया के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचे और भारत की पहचान वैश्विक स्तर पर और मजबूत हो, यही इस अभियान का संदेश है।

वहीं, एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी ने कहा कि दुनिया के कई देशों में मौजूदा समय में अराजकता की स्थिति देखने को मिल रही है। ऐसे समय में भारत पूरी दुनिया को राष्ट्रप्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश दे रहा है। उन्होंने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को गौरव और एकता का प्रतीक बताया।


खुदीराम बोस स्मारक पर श्रद्धांजलि के साथ हुआ समापन
मरीन ड्राइव लेक फ्रंट से शुरू हुई तिरंगा यात्रा में शामिल हजारों लोग हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर कंपनी बाग स्थित अमर शहीद खुदीराम बोस स्मारक पहुंचे। यहां स्वतंत्रता सेनानी खुदीराम बोस को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। प्रशासन ने जिले के लोगों से अभियान से जुड़ने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed