Bihar News: तिरहुत नहर का बांध टूटने से कई एकड़ धान की फसल जलमग्न, सड़क और पुलिया भी क्षतिग्रस्त
मुजफ्फरपुर के मड़वन प्रखंड में तिरहुत मुख्य नहर का 18 फीट तटबंध टूटने से कई गांवों के खेतों में पानी भर गया। धान, सब्जी समेत अन्य फसलें जलमग्न हो गईं। जल संसाधन विभाग मरम्मत में जुटा है, जबकि किसानों ने तत्काल कार्रवाई की मांग की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मड़वन प्रखंड के रक्सा गांव के समीप रविवार सुबह तिरहुत मुख्य नहर का करीब 18 फीट तटबंध टूट गया। तटबंध टूटने से नहर का पानी तेजी से आसपास के गांवों और खेतों में फैल गया। पानी सड़क पार कर खेतों में पहुंच गया, जिससे कई एकड़ में लगी धान, सब्जी और अन्य फसलें जलमग्न हो गईं। घटना की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही जल संसाधन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और टूटे तटबंध की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि रविवार सुबह अचानक सड़क की ओर पानी बहता दिखाई दिया। जांच करने पर पता चला कि तिरहुत मुख्य नहर का तटबंध टूट गया है। तटबंध टूटने से नहर का पानी गांव के खेतों में घुस गया। इस दौरान दो सड़कें और एक पुलिया भी क्षतिग्रस्त हो गईं। यह घटना मड़वन प्रखंड के रक्सा गांव के वार्ड संख्या-14 की है। ग्रामीणों के अनुसार, सुबह करीब साढ़े तीन बजे नहर के उत्तर दिशा का करीब 18 फीट तटबंध टूट गया। हालांकि नहर में पानी का बहाव अधिक नहीं होने के कारण खेतों से पानी धीरे-धीरे निकलने लगा है।
पढ़ें: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, मॉर्निंग वॉक पर निकलीं तीन महिलाओं को कुचला; तीनों की मौत
पूर्व मुखिया इंदल साह ने बताया कि फिलहाल पानी किसी भी घर तक नहीं पहुंचा है, लेकिन यदि समय रहते तटबंध की मरम्मत नहीं कराई गई तो स्थिति गंभीर हो सकती है। उन्होंने जिलाधिकारी से तत्काल तटबंध की मरम्मत कर पानी के बहाव को रोकने की मांग की है। साथ ही ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने और धैर्य बनाए रखने की अपील की है। फसलों को हुए नुकसान से किसानों में मायूसी का माहौल है।