Bihar Politics: राज्यसभा वोटिंग के दिन ‘गायब’ रहे ढाका विधायक फैसल रहमान, अचानक पहुंचे दिल्ली
Bihar Politics: बिहार में हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव के में ढाका से राजद विधायक फैसल रहमान ने वोटिंग नहीं की। उनके इस तरह से गायब होने पर राजनीतिक विश्लेषक तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। वहीं, विधायक ने मां की तबीयत खराब होने के कारण दिल्ली जाने की बात कही है और ये भी कहा कि वह जल्द ही पटना आकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी से मुलाकात करेंगे।
विस्तार
बिहार में राज्यसभा चुनाव संपन्न होने के बाद अब ढाका विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक फैसल रहमान की गैरमौजूदगी को लेकर सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। मतदान के दौरान उनकी अनुपस्थिति ने राजनीतिक हलकों में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। राज्यसभा चुनाव के दौरान सभी राजनीतिक दल अपने-अपने विधायकों को एकजुट रखने और मतदान सुनिश्चित करने में लगे थे। ऐसे में ढाका विधायक के मतदान में शामिल नहीं होने की खबर सामने आने के बाद विपक्ष और राजनीतिक विश्लेषकों ने इस पर तरह-तरह के कयास लगाने शुरू कर दिए।
विधायक ने दी सफाई
इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक फैसल रहमान ने कहा कि उनकी मां की तबीयत अचानक खराब हो गई थी, जिसके कारण उन्हें तुरंत दिल्ली जाना पड़ा। उन्होंने कहा कि उनकी अनुपस्थिति के पीछे कोई राजनीतिक कारण नहीं है। फैसल ने आगे कहा, 'मैं कल भी राजद में था, आज भी हूं और आगे भी रहूंगा। पटना पहुंचकर तेजस्वी यादव से मिलूंगा। मुझे विश्वास है कि वे मेरी मजबूरी समझेंगे। अगर नहीं भी समझेंगे तो हम क्या कर सकते हैं। मुझे अपहरण करने या लालच देने की औकात किसी में नहीं है।'
178 वोटों से दर्ज की थी जीत
गौरतलब है कि ढाका विधानसभा सीट से फैसल रहमान ने पिछले बिहार विधानसभा चुनाव में बेहद करीबी मुकाबले में जीत दर्ज की थी। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार पवन जायसवाल को मात्र 178 वोटों के अंतर से हराया था। यह जीत उस समय पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गई थी।
राजनीतिक रूप से अहम सीट
पूर्वी चंपारण जिले की ढाका विधानसभा सीट शिवहर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है और यहां की राजनीति हमेशा से काफी दिलचस्प रही है। फिलहाल इस सीट पर चुनाव के दौरान कथित फर्जी वोटिंग को लेकर मामला हाईकोर्ट में भी लंबित है, जिसकी अगली सुनवाई 17 मार्च को होनी है।
ये भी पढ़ें: बिहार में राज्यसभा की पांचों सीटें एनडीए के खाते में, परिणाम की घोषणा बाकी
पहले भी रह चुके हैं विधायक
फैसल रहमान इससे पहले जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के टिकट पर भी इसी सीट से विधायक रह चुके हैं। चुनावी हलफनामे के अनुसार उनके खिलाफ तीन आपराधिक मामले भी दर्ज हैं, जिनमें दो ढाका थाना और एक मोतिहारी नगर थाना में दर्ज बताया गया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राज्यसभा चुनाव में उनकी गैरमौजूदगी आने वाले समय में क्षेत्रीय राजनीति को प्रभावित कर सकती है।
(इनपुट: राजीव कुमार, मोतिहारी)
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.