PM Modi Bihar Rally: पीएम मोदी बोले- जनता अब जंगलराज नहीं चाहती है, यह पहले चरण के मतदान ने तय कर दिया
Bihar Assembly Election: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के लिए बिहार में टफ जोन औरंगाबाद है। पिछले चुनाव में यहां की छह विधानसभा सीटों पर एनडीए को हार का सामना करना पड़ा था। पीएम मोदी ने आज चुनावी सभा के जरिए बदलाव की अपील की और एनडीए प्रत्याशियों के लिए वोट मांगा। उन्होंने राजद-कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोद औरंगाबाद में चुनावी सभा को संबोधित करने मंच पर पहुंच चुके हैं। एनडीए के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि लालटेन वाले भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। लालू-राबड़ी राज में कोई काम नहीं है। सीएम नीतीश कुमार ने बिहार में सुशासन लाया। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं इस क्षेत्र की सभी महानविभूतियों को नमन करता हूं। बिहार में पहले चरण के मतदान ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बिहार के इतिहास का अब तक का सबसे अधिक मतदान हुआ है। हमारी माताएं-बहनें सुबह से ही कतार लगाकर खड़ी हो गईं। पहले चरण में करीब 65 प्रतिशत मतदान हुआ। यह दिखाता है कि एनडीए सरकार की वापसी का मोर्चा खुद बिहार की जनता, युवा, महिला और किसानों ने संभाला है। पहले चरण के मतदान से स्पष्ट है कि बिहार के लोग अब किसी भी कीमत पर जंगलराज को लौटने देना नहीं चाहते हैं। बिहार का नौजवान राजद के झूठे वादों पर वोट नहीं दे रहा है। राजद ने झूठे वादों का भ्रम फैलाने की कोशिश की। इनके वादों पर खुद कांग्रेस को भरोसा नहीं है। पहले चरण के मतदान ने तय कर दिया कि इस बार फिर से एनडीए सरकार आएगी।
पीएम नरेंद्र मोदी ने एनडीए सरकार के कामों को गिनाया। उन्होंने कहा कि मोदी ने कहा था कि राम मंदिर बनेगा। मंदिर बन गया। डंके की चोट पर बना। 500 साल का अधूरा काम पूरा हुआ। उन्होंने कहा कि मैंने 370 हटाने की बात कही थी। वह भी हट गया। बिहार की इसी धरती से पहलगाम हमले की बात कही थी। इसके बाद आपने ऑपरेशन सिंदूर से तबाह होते पाकिस्तान को देखा। मैंने वन रैंक वन पेंशन की बात की। आज सात नवंबर को ही इसे लागू हुए 11 वर्ष हो रहे हैं। हमारे सैनिक परिवार चार दशकों से वन रैंक वन पेंशन की मांग कर रहे थे। लेकिन, कांग्रेस हर बार उनसे झूठ बोलती रही। कांग्रेस ने फौजियों से किया हुआ वादा तक नहीं निभाया। मैंने फौजियों को ओआरओपी लागू करने की गारंटी दी। इन 11 साल में हमारे फौजी भाई-बहन को अब तक एक लाख करोड़ रुपये वन रैंक वन पेंशन के बाद दिए गए। राजद वालों को तो यह नहीं पता कि एक लाख करोड़ में एक के पीछे कितने शून्य लगेंगे।
'जंगलराज वाले जमानत पर चल रहे हैं'
पीएम मोदी ने कहा कि जब हम कहते हैं कि हमलोग आने वाले पांच साल में एक करोड़ रोजगार देंगे तो उन्हें हमारी बात पर भरोसा है। आपके सामने राजद और कांग्रेस का ट्रैक रिकॉर्ड भी है। यह वो लोग हैं जो बिहार में लोगों से नौकरी के बदले जमीन लिखवा लेते हैं। इस बात को अदालत ने भी माना है। यह जंगलराज वाले जमानत पर चल रहे हैं। राजद और कांग्रेस वाले बिहार के युवाओं को कभी भी नौकरी नहीं दे सकते हैं। औरंगाबाद वाले तो नक्सलवाद और माओवाद से पीड़ित रहे हैं। वह दिन भूल नहीं पाएंगे आप जब शाम होते ही लोग घर से बाहर निकलने में डरते थे। इस क्षेत्र की चर्चा देश और दुनिया में नरसंहारों के लिए होती थी। जैसे ही जंगलराज की सरकार गई। नीतीश कुमार को आपने लाया तो नरसंहार बंद हो गई। जब आपने दिल्ली में मुझे बैठाया तो नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई की। आज बिहार माओवादी आतंक की डर से मुक्त हो चुका है। यह इसलिए हुआ क्योंकि बिहार में डबल इंजन की सरकार है। जंगलराज और सुशासन में क्या अंतर आया है? यह कल हमने देखा है। कल बिहार में दलित, गरीब, पिछड़े और अतिपिछड़ो ने वोट डाला। जंगलराज में मतदान के वक्त बमबाजी करते थे। लोगों को डराते थे। मैं चुनाव आयोग को बधाई देता हूं कि प्रथम चरण के चुनाव इतने अच्छे तरीके संपन्न करवाए थे। विदेश से लोग कल के मतदान को देखने आए थे।
'जंगलराज वाले बच्चों को रंगदार बना रहे हैं'
पीएम मोदी ने कहा कि जंगलराज वालों के बाद ऐसी चीजें हैं, जो निवेश के लिए खतरा है। जंगलराज वाले बच्चों को रंगदार बना रहे हैं। यह लोग अभी से ही कह रहे हैं भैया की सरकार आएगी तो कट्टा खुलेआम मिलेगा। पीएम मोदी ने कहा कि बिहार को कट्टा सरकार नहीं चाहिए। बिहार को कुशासन सरकार नहीं चाहिए। बिहार को एनडीए की सरकार चाहिए। इसलिए बिहार एनडीए के ईमानदार संकल्प पत्र पर विश्वास करता है। एनडीए ने पंचायती राज, सरकारी नौकरी में महिलाओं को आरक्षण दिया। यह एनडीए ही है, जिसने विधानसभा और लोकसभा में महिलाओं को आरक्षण दिया। पीएम ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि संविधान दिखाने वाले लोगों को सामान्य समाज की याद नहीं आई। लेकिन, मोदी ने सामान्य वर्ग के गरीबों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने का काम किया।
कांग्रेस और राजद वाले अपमान की राजनीति करते हैं
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और राजद सिर्फ अपमान और गाली-गलौज की राजनीति करते हैं। इन लोगों को हमारे पर्व और त्योहारों से भी चिढ़ है। कांग्रेस के नामदार छठ महापर्व को नौटंकी और ड्रामा करते हैं। उन्होंने महान तपस्या का अपमान किया। आप लोग इस चुनाव में उन्हें सजा जरूर देना है। 11 नवंबर को आप सब इन्हें एक वोट से सजा देनी है। एनडीए की अब तक की सबसे बड़ी विजय इस चुनाव में पक्की है। 14 नवंबर के बाद अब विजय उत्सव की तैयारी कीजिए। आप सभी एनडीए सरकार को वोट कीजिए।