Bihar: पुलिस को आधुनिक तकनीक से लैस करने की तैयारी, 50 ड्रोन खरीदने की योजना को 24.50 करोड़ रुपये की स्वीकृति
Patna News: बिहार सरकार ने पुलिस आधुनिकीकरण योजना के तहत 50 ड्रोन खरीदने की मंजूरी दी है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अनुसार इस पर 24.50 करोड़ रुपये खर्च होंगे। ड्रोन का उपयोग भीड़ नियंत्रण, अपराध निगरानी, आपदा प्रबंधन और संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था में किया जाएगा।
विस्तार
बिहार में पुलिस व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से सशक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य में पुलिस व्यवस्था को और आधुनिक बनाने के लिए 50 ड्रोन की खरीद को स्वीकृति प्रदान की गई है। इस योजना पर लगभग 24.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पुलिस आधुनिकीकरण योजना के तहत ड्रोन उपकरणों की खरीद की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिससे पुलिस की कार्य क्षमता और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।
भीड़ नियंत्रण और अपराध निगरानी में मिलेगी मदद
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि पुलिस बल को आधुनिक उपकरणों से सशक्त बनाने के लिए ड्रोन तकनीक को व्यवस्था में शामिल किया जा रहा है। ड्रोन के उपयोग से भीड़ नियंत्रण, अपराध निगरानी, नदी क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील इलाकों में अभियान और आपदा प्रबंधन जैसे कई महत्वपूर्ण कार्यों में पुलिस को सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस तकनीक से पुलिस की निगरानी क्षमता और त्वरित कार्रवाई की क्षमता को और मजबूत बनाया जा सकेगा।
दुर्गम क्षेत्रों में निगरानी होगी आसान
सम्राट चौधरी ने कहा कि कई बार ऐसे क्षेत्र होते हैं जहां सामान्य तरीकों से निगरानी करना कठिन होता है। ऐसे स्थानों पर ड्रोन के माध्यम से हवाई निगरानी संभव होगी और पुलिस को समय पर सटीक जानकारी मिल सकेगी। इससे पुलिस की कार्रवाई अधिक प्रभावी और त्वरित हो सकेगी। उन्होंने कहा कि इन ड्रोन उपकरणों की मदद से पुलिस बड़े आयोजनों, संवेदनशील क्षेत्रों और आपात परिस्थितियों में बेहतर निगरानी कर सकेगी।
पढ़ें- Nitish Kumar: निशांत कुमार की ज्वाइनिंग से गायब रहे नीतीश कुमार; पटना में सुरंग का काम शुरू कराने सड़क पर उतरे
नदी क्षेत्रों और कठिन इलाकों में भी मिलेगी सहायता
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि ड्रोन तकनीक से पुलिस को दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में भी प्रभावी ढंग से काम करने की सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से नदी क्षेत्रों और कठिन भौगोलिक इलाकों में हवाई निगरानी के जरिए वास्तविक समय में जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। इससे समय पर आवश्यक कार्रवाई करना संभव होगा और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।
केंद्रीय बलों के अनुभव से भी लिया जाएगा मार्गदर्शन
सम्राट चौधरी ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर सीमा सुरक्षा बल और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल जैसे केंद्रीय सशस्त्र बलों के अनुभव और तकनीकी मानकों से भी मार्गदर्शन लिया जा सकता है। इसका उद्देश्य बिहार पुलिस को सर्वोत्तम तकनीक उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य पुलिस बल को आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित करना है, ताकि कानून व्यवस्था को अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.