सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Patna News ›   CM samrat choudhary letter to PM modi on 12 years of government viksit bharat samriddh bihar development

PM Modi : बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने पीएम मोदी को लिखी लंबी चिट्ठी; 1934 के किस बंटवारे की चर्चा की?

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना Published by: Ashutosh Pratap Singh Updated Wed, 10 Jun 2026 07:25 AM IST
विज्ञापन
सार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष के कार्यकाल पूरे होने पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें बधाई पत्र लिखा। पत्र में उन्होंने बिहार की गौरवशाली ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत के सपने को साकार करने में समृद्ध बिहार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

CM samrat choudhary letter to PM modi on 12 years of government viksit bharat samriddh bihar development
सीएम सम्राट चौधरी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्षों के कार्यकाल पूरे होने पर उन्हें बधाई देते हुए एक विस्तृत पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि विकसित भारत के सपने को पूरा करने में समृद्ध बिहार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बिहार की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक विरासत का उल्लेख करते हुए राज्य के विकास में केंद्र सरकार के सहयोग को अहम बताया।


बिहार की गौरवशाली विरासत का किया उल्लेख

सम्राट चौधरी ने पत्र में लिखा कि बिहार का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है। भारत के इतिहास में बिहार को शक्ति, संस्कृति और शिक्षा के केंद्र के रूप में जाना जाता रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार ज्ञान और मोक्ष की भूमि है, जहां आचार्य चाणक्य ने अर्थशास्त्र की रचना की और आर्यभट्ट ने शून्य का आविष्कार किया।
विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने नालंदा विश्वविद्यालय और विक्रमशिला विश्वविद्यालय को विश्व के प्रमुख ज्ञान केंद्र बताते हुए कहा कि राजगीर में नालंदा विश्वविद्यालय की पुनर्स्थापना प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से ही संभव हो सकी। वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री द्वारा नए नालंदा विश्वविद्यालय परिसर का उद्घाटन इस गौरवशाली विरासत को पुनर्जीवित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
विज्ञापन
Trending Videos


जेपी और कर्पूरी ठाकुर के योगदान को किया याद

पत्र में सम्राट चौधरी ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने आपातकाल के खिलाफ बिहार से सम्पूर्ण क्रांति का शंखनाद कर लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने जननायक कर्पूरी ठाकुर को सामाजिक न्याय और समानता का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनके विचार आज भी बिहार की विकास यात्रा का मार्गदर्शन कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिए जाने को पिछड़े, वंचित और उपेक्षित वर्गों के लिए सम्मान और गर्व का विषय बताया।

केंद्र सरकार के सहयोग से बदली बिहार की तस्वीर

सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार के विकास में केंद्र सरकार का लगातार पूरा सहयोग मिल रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार के विकास के लिए 1 लाख 25 हजार करोड़ रुपये के विशेष पैकेज की घोषणा की थी, जिसमें 54 हजार 700 करोड़ रुपये सड़क और पुल निर्माण के लिए दिए गए थे। उन्होंने बताया कि वर्तमान में बिहार सरकार का बजट 3 लाख 47 हजार करोड़ रुपये है, जिसमें केंद्र सरकार का बड़ा योगदान है। राज्य सरकार अपने संसाधनों से लगभग 75 हजार करोड़ रुपये जुटाती है, जबकि बाकी राशि केंद्रीय करों में हिस्सेदारी और अनुदान के रूप में प्राप्त होती है।

सड़क, पुल और एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं का किया जिक्र

पत्र में उन्होंने कहा कि वर्ष 1934 के भूकंप के बाद मिथिलांचल दो हिस्सों में बंट गया था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कोसी महासेतु का निर्माण कर इस क्षेत्र को फिर से जोड़ा गया। उन्होंने गंगा नदी पर गांधी सेतु के जीर्णोद्धार, मोकामा में राजेंद्र सेतु के समानांतर छह लेन पुल, मुंगेर में श्रीकृष्ण सेतु और पटना, दीघवारा-शेरपुर तथा भागलपुर में बन रहे नए पुलों का भी उल्लेख किया।

सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के दिशा-निर्देश के बाद बिहार में पहली बार पांच एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं को मंजूरी मिली। इसके अलावा कई महत्वपूर्ण ट्रेनों, विशेष रूप से वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत हुई। पटना मेट्रो का काम तेजी से चल रहा है और इस वर्ष के बजट में पटना से होकर गुजरने वाली हाई स्पीड ट्रेन की भी घोषणा की गई है।

एयरपोर्ट और स्वास्थ्य सुविधाओं में हुआ विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना एयरपोर्ट का नया टर्मिनल राज्य के विकास की तस्वीर पेश करता है। इसके अलावा दरभंगा और पूर्णिया में नए एयरपोर्ट विकसित किए गए हैं, जबकि बिहटा एयरपोर्ट का निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में बिहार के दूसरे एम्स का निर्माण दरभंगा में किया जा रहा है। साथ ही राज्य में पांच नए मेडिकल कॉलेज और अस्पतालों के निर्माण में भी केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है।

बाढ़ नियंत्रण और सिंचाई परियोजनाओं को मिली रफ्तार

सम्राट चौधरी ने कहा कि बाढ़ नियंत्रण और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए बागमती-बूढ़ी गंडक रिवर लिंक योजना लगभग पूरी हो चुकी है, जबकि कोसी-मेची रिवर लिंक योजना पर भी तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना के तहत नियमित समीक्षा के कारण विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में काफी तेजी आई है।

धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का भी उल्लेख

पत्र में उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ प्रधानमंत्री मोदी का मार्गदर्शन बिहार की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को सहेजने में भी मिल रहा है। उन्होंने बताया कि सीतामढ़ी के पुनौराधाम में माता सीता की जन्मस्थली पर भव्य मंदिर का निर्माण शुरू हो चुका है। केंद्र सरकार इस स्थल को अयोध्या से रेल सेवा और राम-जानकी पथ के जरिए जोड़ रही है। इसके अलावा नालंदा और गयाजी में भी कॉरिडोर निर्माण की घोषणा की गई है।

केंद्र की योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ

सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता की सराहना करते हुए कहा कि आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ बिहार के करोड़ों लोगों को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना से बिहार के लगभग 5 करोड़ लोग जुड़े हैं। वहीं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ करीब 1 करोड़ किसान परिवारों को मिल रहा है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत राज्य के लगभग 8 करोड़ लोग लाभान्वित हो रहे हैं।

मोदी के 12 साल के कार्यकाल को बताया स्वर्णिम काल

पत्र के अंत में सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के इतिहास में निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार सबसे लंबे समय तक जनसेवा का नया कीर्तिमान स्थापित करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के स्वर्णिम कार्यकाल में भारत ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है और बिहार भी तेजी से समृद्ध हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन और सहयोग बिहार को मिलता रहेगा तथा विकसित भारत और समृद्ध बिहार का सपना साकार होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed