Bihar News: अब इंजीनियर पर भ्रष्टाचार कर धन कमाने का आरोप, SVU को करोड़ों की संपत्ति मिली; जानिए पूरा मामला
लघु जल संसाधन विभाग के इंजीनियर के खिलाफ कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है। एसवीयू की टीम ने आरोपी इंजीनियर की घोषित आय, संपत्ति के स्रोत और उससे संबंधित दस्तावेजों को खंगाला। जांच में दो करोड़ 20 लाख 99 हजार 900 रुपये की अप्रत्याशित संपत्ति पाई गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार में विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने एक और अफसर पर शिकंजा कसा है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में लघु जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता हरेन्द्र कुमार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को जांच एजेंसी की अलग-अलग टीमों पटना के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र के फ्लैट नंबर 307, जनक नंदिनी अपार्टमेंट, महावीर नगर, बेउर चौराहा स्थित छह मंजिला मकान, वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र में सिमरवारा गांव और बांका स्थित लघु जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता के दफ्तर समेत चार ठिकानों पर छापेमारी चली।
10 अगस्त को दर्ज हुआ था मामला
विशेष निगरानी इकाई के अनुसार, हरेन्द्र कुमार के खिलाफ 10 अगस्त 2026 को आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। प्राथमिकी दर्ज होने के अगले ही दिन यानी 11 अगस्त को एजेंसी की टीमों ने उनके अलग-अलग ठिकानों पर पहुंचकर तलाशी शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच और सत्यापन में हरेंद्र कुमार के पास करीब 2 करोड़ 20 लाख 99 हजार 900 रुपये की अप्रत्याशित संपत्ति पाई गई है। जांच एजेंसी का आरोप है कि यह संपत्ति अवैध और अनुचित तरीके से अर्जित की गई। अधिकारी ने वर्ष 2015 में सरकारी सेवा में योगदान दिया था और विभिन्न स्थानों पर पदस्थापना के दौरान अवैध तरीके से अकूत संपत्ति अर्जित किए जाने की बात सामने आई है।
Bihar News: अचानक गायब हो गई 10वीं की छात्रा, रेलवे ट्रैक पर मिला स्कूल ड्रेस और बैग; परिजनों ने किया बवाल
पटना में दो जगहों पर पहुंची टीम
तलाशी के लिए एसवीयू की टीम पटना के महावीर नगर स्थित जनक नंदिनी अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 307 पहुंची। यह ठिकाना पत्रकार नगर थाना क्षेत्र में आता है। इसके अलावा पटना के बेउर चौराहा स्थित छह मंजिला मकान में भी तलाशी ली गई। यहां से संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड खंगाले गए।
वैशाली और बांका में भी जांच
जांच एजेंसी की एक टीम वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र स्थित सिमरवारा गांव के परिसर में भी तलाशी चली। वहीं, हरेन्द्र कुमार की वर्तमान पोस्टिंग वाले बांका स्थित लघु जल संसाधन विभाग के कार्यालय में भी एसवीयू की टीम पहुंची। यहां विभागीय दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच की गई।
पत्नी के नाम भी कई जमीन और फ्लैट
तलाशी के दौरान अधिकारी और उनकी पत्नी के नाम पर कई अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज मिले। इनमें फुलवारीशरीफ के बेऊर चौराहा में जमीन, पातेपुर में जमीन, पटना के महावीर नगर में फ्लैट, संपतचक और दानापुर में जमीन, वैशाली के महुआ में प्लॉट तथा पटना के मीठापुर में फ्लैट शामिल हैं। इसके अलावा पटना जिले के फजीलाबाद में 1.56 डिसमिल भूखंड से संबंधित दस्तावेज भी मिले। इन आठ संपत्तियों का दस्तावेजी मूल्य करीब 1 करोड़ 43 लाख 33 हजार रुपये बताया गया है।
फ्लैट से 9.50 लाख रुपये नकद, 81 लाख के गहने मिले
तलाशी के दौरान पटना के जनक नंदिनी अपार्टमेंट स्थित फ्लैट से 9.50 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके साथ ही करीब 81 लाख रुपये मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण भी मिले हैं। तलाशी टीम को एक क्विड रेनॉल्ट कार, होंडा यूनिकॉर्न बाइक, यामाहा फैशिनो स्कूटी और महंगे सामान की खरीद से संबंधित कई वाउचर व बिल भी मिले।
पैतृक घर से भी नकदी और जमीन के दस्तावेज बरामद
हरेंद्र कुमार के वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र स्थित पैतृक आवास से 3 लाख 42 हजार 500 रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा जमीन से संबंधित दो दस्तावेज भी मिले हैं। तलाशी के दौरान अधिकारी और उनकी पत्नी के नाम से भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और बंधन बैंक में कुल पांच बैंक खातों की जानकारी भी मिली है। SVU के मुताबिक, इन खातों में पर्याप्त राशि जमा होने की संभावना है। खातों और बरामद दस्तावेजों की जांच व स्क्रूटिनी की जा रही है।