Bihar: चोरों का आतंक! रात के अंधेरे में चोरों ने काटा बिजली का तार, CCTV में कैद हुई वारदात
बाढ़ के चोन्दी मोहल्ला में मंगलवार देर रात चार चोरों ने बिजली के तार काटकर चोरी कर ली। चोरी के कारण बाढ़ आईटीआई संस्थान और एक घर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
विस्तार
बाढ़ थाना क्षेत्र के चोन्दी मोहल्ला में मंगलवार देर रात चोरों ने बिजली के तार की चोरी कर दी। घटना रात करीब दो बजे की बताई जा रही है। चोरों ने बिजली के खंभे से घर तक लगे तार काट लिए। इस चोरी के कारण बाढ़ आईटीआई संस्थान और एक घर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सुबह जब लोगों को बिजली गुल होने की जानकारी मिली, तभी घटना का खुलासा हुआ।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें चार चोर मिलकर बिजली के तार काटते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में दिख रहा है कि चोर पूरी योजना के तहत चोरी कर रहे हैं और उन्हें किसी का भय नहीं है। शहर के बीचो-बीच हुई इस चोरी ने प्रशासन और पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर नाराज हैं और पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: सरकारी गाड़ी से टच हुई बाइक तो भड़क गए BDO, युवक पर कर दी थप्पड़ों की बरसात, वीडियो वायरल
स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया
अमित कुमार ने बताया कि लगभग 50 से 60 मीटर तक लगे तार काट दिए गए हैं। सीसीटीवी में चार चोर चोरी करते दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि यहां पहले ऐसी चोरी नहीं हुई है और रात्रि में पुलिस गश्ती की जानी चाहिए। स्टोर कीपर अनवर इमाम ने बताया कि बाढ़ आईटीआई में बिजली के लिए लगभग 60 मीटर तार चोरी कर लिया गया। यहाँ तीनों फेज का तार लगाया गया था और रात्रि से ही संस्थान अंधेरे में है। चोरों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।