Bihar News: नालंदा में नए साल की सौगात, महिला यात्रियों के लिए दौड़ीं पिंक सिटी बसें
नए साल के पहले दिन नालंदा जिले में महिला यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो पिंक सिटी बसों का संचालन शुरू किया गया। बिहार शरीफ के सरकारी बस स्टैंड से परिवहन सह ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
विस्तार
नए साल के पहले दिन नालंदा जिले में महिला यात्रियों के लिए एक बड़ी पहल की गई। महिला सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो पिंक सिटी बसों का परिचालन शुरू किया गया। बिहार शरीफ के सरकारी बस स्टैंड से परिवहन सह ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने हरी झंडी दिखाकर इन बसों को रवाना किया। इस मौके पर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि यह पहल केवल नालंदा जिले तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे बिहार के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के माध्यम से विशेष रूप से महिला यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पिंक बसों का संचालन किया जा रहा है।
मंत्री ने जानकारी दी कि वर्ष 2026 में बड़े पैमाने पर पथ परिवहन निगम के लिए बसों की खरीद की गई है। आने वाले दिनों में इन बसों का संचालन राज्य के भीतर ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों के लिए भी शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही भविष्य में इन बसों को विदेशों में भेजने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। नालंदा जिले की जनता को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दो पिंक बसों के अलावा दो से तीन इलेक्ट्रिक बसों का भी संचालन शुरू किया जा रहा है। यह कदम पर्यावरण संरक्षण और हरित परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
मंत्री श्रवण कुमार ने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य केवल नालंदा नहीं, बल्कि पूरे बिहार में बस यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुलभ परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि राज्य के लोग विशेष अवसरों पर इन बसों के माध्यम से आरामदायक यात्रा का लाभ उठा सकेंगे। कार्यक्रम माता परमेश्वरी देवी की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित किया गया था। मंत्री ने कहा कि इस पुण्य अवसर पर महिलाओं के लिए पिंक बस सेवा की शुरुआत करना एक सार्थक और प्रेरणादायक पहल है।
इस दौरान मंत्री ने मुख्यमंत्री के महिला सशक्तिकरण के प्रयासों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में मुख्यमंत्री द्वारा किए गए कार्यों की झलक आज नालंदा में देखने को मिल रही है। बिहार में महिला सशक्तिकरण को लेकर जो काम हुआ है, उसकी चर्चा आज पूरे देश और दुनिया में हो रही है।
पिंक सिटी बसों को महिला यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के अनुरूप विशेष रूप से तैयार किया गया है। बसों में पैनिक बटन, फर्स्ट एड किट, सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन, सीसीटीवी कैमरे और मोबाइल चार्जिंग पॉइंट लगाए गए हैं। खास बात यह है कि बसों में टिकट काटने की जिम्मेदारी महिला कंडक्टर को दी गई है। आने वाले समय में बस चलाने की जिम्मेदारी भी महिला चालक को सौंपे जाने की योजना है।