Bihar: एक्स्ट्रा क्लास से लौट रहे पॉलिटेक्निक छात्रों पर जानलेवा हमला, बुलेट और सोने की चेन लूटने की कोशिश
बाढ़ थाना क्षेत्र में राणाबीघा पॉलिटेक्निक कॉलेज के छात्र कन्हैया कुमार और उसके दोस्त पर कुछ असामाजिक तत्वों ने जानलेवा हमला कर दिया। दोनों छात्र एक्स्ट्रा क्लास खत्म कर लौट रहे थे, तभी अगवानपुर गांव के पास दबंग युवकों ने उन्हें घेरकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बाढ़ थाना क्षेत्र में असामाजिक तत्वों ने राणाबीघा पॉलिटेक्निक कॉलेज के एक छात्र और उसके दोस्त पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद दोनों को आनन-फानन में इलाज के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अगवानपुर गांव के पास घेरकर पीटा
घायल छात्र कन्हैया कुमार ने बताया कि वह पॉलिटेक्निक कॉलेज में चल रही विशेष अतिरिक्त कक्षा यानी एक्स्ट्रा क्लास खत्म होने के बाद शाम करीब 7 बजे अपने एक दोस्त के साथ बाढ़ स्थित किराए के कमरे पर लौट रहा था। इसी दौरान जैसे ही दोनों अगवानपुर गांव के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे कुछ स्थानीय दबंग युवकों ने उन्हें जबरन रोक लिया। आरोप है कि बिना कुछ कहे युवकों ने दोनों छात्रों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।
बुलेट बाइक लूटने और सोने की चेन छीनने का आरोप
पीड़ित छात्र का आरोप है कि मारपीट के दौरान बदमाश उनकी कीमती बुलेट मोटरसाइकिल लूटने की कोशिश कर रहे थे। जब दोनों छात्रों ने विरोध किया तो हमलावरों ने कन्हैया कुमार के गले से सोने की चेन भी झपट ली।
लोगों के पहुंचते ही भागे हमलावर
सुनसान सड़क पर चीख-पुकार और हल्ला सुनकर आसपास के कुछ राहगीर और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचने लगे। लोगों को आता देख सभी हमलावर युवक जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की तत्परता के कारण ही दोनों छात्रों की जान बच सकी।
ये भी पढ़ें- Bihar: कांप रहा डुमरिया घाट पुल! 110 टन की क्षमता पर गुजरा 210 टन का ट्रक, अब टूटे पुर्जों के सहारे टिका सफर
कॉलेज विवाद से जुड़ा हो सकता है मामला
इस हिंसक घटना के पीछे कॉलेज का हालिया विवाद भी वजह माना जा रहा है। दरअसल कुछ दिन पहले कॉलेज प्रशासन ने अनिवार्य 75 प्रतिशत उपस्थिति पूरी नहीं होने के कारण कई छात्रों को परीक्षा फॉर्म भरने से रोक दिया था। इसके बाद कॉलेज परिसर में काफी आक्रोश देखने को मिला था। बाद में कॉलेज प्रशासन ने बीच का रास्ता निकालते हुए वंचित छात्रों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं शुरू की थीं ताकि वे परीक्षा में शामिल हो सकें। कन्हैया कुमार भी इसी एक्स्ट्रा क्लास से लौट रहा था, तभी उस पर हमला हुआ।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर दर्ज किए बयान
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंची और घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।