{"_id":"699574797b594c825f02fd8e","slug":"rjd-party-mla-ranvijay-sahu-suggestion-to-increase-reservation-in-bihar-vidhan-sabha-news-nda-mahagathbandhan-2026-02-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"Reservation: बिहार में आरक्षण बढ़ाने के लिए राजद ने बताया नीतीश सरकार को रास्ता, विधानसभा में विपक्ष का हंगामा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Reservation: बिहार में आरक्षण बढ़ाने के लिए राजद ने बताया नीतीश सरकार को रास्ता, विधानसभा में विपक्ष का हंगामा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
Published by: आदित्य आनंद
Updated Wed, 18 Feb 2026 01:42 PM IST
विज्ञापन
सार
Bihar News : राष्ट्रीय जनता दल ने दूसरे राज्यों का हवाला देते हुए एक बार फिर बिहार की नीतीश कुमार सरकार को आरक्षण के मुद्दे पर घेरा है। राजद विधायक ने विधानसभा में सरकार को बताया कि आरक्षण कैसे बढ़ाया जा सकता है।
सीएम नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव
- फोटो : ANI
विज्ञापन
विस्तार
बिहार में सर्वे बताकर किए गए जातीय जनगणना को लेकर अब तब हंगामा मच ही रहा है। उसी आधार पर आरक्षण बढ़ाया गया था, जिसपर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा रखी है। लेकिन, सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन मुद्दे पर बुधवार को विधानसभा में लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल ने एक बार फिर राज्य की नीतीश कुमार सरकार को घेर लिया। इतना ही नहीं, यह भी बता दिया कि बिहार में आरक्षण बढ़ाने के लिए उसे कैसे-क्या करना होगा? सदन में राजद विधायक रणविजय साहू ने राष्ट्रीय जनता दल और महागठबंधन को लेकर क्या कहा? आए जानते हैं...
Trending Videos
राजद विधायक ने तमिलनाडु का उदाहरण दिया
बिहार विधान सभा के बजट सत्र में बुधवार को राजद विधायक रणविजय साहू ने कहा कि महागठबंधन सरकार ने राज्य की 13.7 करोड़ आबादी की जाति आधारित गणना के आधार पर आरक्षण की सीमा बढ़ाकर 65 प्रतिशत कर दी थी।उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में पिछले 35 वर्षों से आरक्षण की सीमा 69 प्रतिशत है और उस समय केंद्र सरकार ने इसे संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल कर संरक्षण प्रदान किया था। लेकिन बिहार में आरक्षण की सीमा बढ़ाने संबंधी कानून को न्यायिक बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि केंद्र सरकार ने इसे नौवीं अनुसूची का संरक्षण नहीं दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Bihar Vidhan Sabha Live: आरक्षण पर राजद विधायकों ने किया हंगामा, JDU ने कहा- इन्हें जनता पर विश्वास ही नहीं है
केंद्र सरकार पर दबाव बनाने की सलाह दी
रणविजय साहू ने मांग की कि सरकार पूर्व निर्धारित सभी कार्यक्रमों को स्थगित कर गरीबों और वंचितों के हितों की रक्षा के लिए एक सशक्त समिति का गठन करे। यह समिति तय समय-सीमा के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करे। रिपोर्ट के आधार पर सरकार नया विधेयक लाकर उसे पारित कराए। साथ ही, केंद्र सरकार पर दबाव बनाया जाए कि बिहार की बढ़ी हुई आरक्षण सीमा को भी नौवीं अनुसूची में शामिल किया जाए। विधानसभा अध्यक्ष द्वारा बैठने का निर्देश दिए जाने के बावजूद विपक्ष के विधायक वेल में पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे। वह आरक्षण की सीमा बढ़ाने की मांग पर अड़े रहे, जिसके चलते सदन में कुछ देर तक हंगामा होता रहा।