Bihar News: अकेलेपन का दर्दनाक अंत, पत्नी से तलाक के बाद बंद कमरे में मिला युवक का शव
रोहतास जिले के इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के बस्तीपुर गांव में बंद कमरे से 42 वर्षीय आशीष रंजन का शव बरामद हुआ। कई दिनों से कमरे से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। आशीष रंजन एक प्रसिद्ध चिकित्सक के पुत्र थे और अकेले रहकर वर्क फ्रॉम होम करते थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रोहतास जिले के इंद्रपुरी थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बस्तीपुर गांव में एक बंद कमरे से 42 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान आशीष रंजन के रूप में हुई है, जो एक प्रसिद्ध चिकित्सक के पुत्र बताए जाते हैं। इस घटना ने लोगों को रिश्तों में बढ़ती दूरियों और अकेलेपन पर सोचने को मजबूर कर दिया है।
कई दिनों तक बंद रहा कमरा, दुर्गंध आने पर हुआ खुलासा
जानकारी के अनुसार, आसपास के लोगों को कई दिनों से बंद कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी थी। शक होने पर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना इंद्रपुरी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर का दृश्य देखकर हर कोई हैरान रह गया। कमरे में आशीष रंजन मृत अवस्था में पड़े मिले। प्रारंभिक आशंका है कि उनकी मौत करीब तीन से चार दिन पहले ही हो चुकी थी। लंबे समय तक कमरे में शव पड़े रहने के कारण पूरे इलाके में दुर्गंध फैल गई थी।
पत्नी से हो चुका था तलाक, अकेले रहते थे आशीष
स्थानीय लोगों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आशीष रंजन किसी बड़ी कंपनी में वर्क फ्रॉम होम के जरिए काम करते थे। उनका वैवाहिक जीवन भी काफी समय से तनावपूर्ण चल रहा था और पत्नी से उनका तलाक हो चुका था। तलाक के बाद वे अपने मकान में अकेले रहते थे। बताया जा रहा है कि वे रोजमर्रा की जरूरतों का सामान और भोजन भी ऑनलाइन मंगवाते थे। आसपास के लोगों से भी उनका ज्यादा संपर्क नहीं था।
ये भी पढ़ें: भीषण गर्मी बनी जानलेवा! मजदूरी करते-करते सड़क किनारे गिरे शख्स की मौत, परिजनों ने कही बड़ी बात
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और किसी भी अनहोनी की आशंका को देखते हुए सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है। पुलिस मृतक के परिजनों और रिश्तेदारों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
अकेलेपन की दर्दनाक तस्वीर बनी घटना
इस घटना ने आधुनिक जीवन में बढ़ते अकेलेपन की एक बेहद दर्दनाक तस्वीर सामने रख दी है। लोगों का कहना है कि जिंदगी में सब कुछ होने के बावजूद इंसान अगर अकेला पड़ जाए, तो हालात कितने भयावह हो सकते हैं, यह घटना उसका बड़ा उदाहरण है। पूरे इलाके में इस मामले की चर्चा हो रही है।