Bihar News: पटना में अपराधियों ने घर घुसकर युवक को मार डाला, बचाने गई मां को चाकू गोदा; विरोध में बवाल
Patna Crime News: पटना में अपराधिक घटनाओं पर लगाम नहीं लग पा रहा है। अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला बाढ़ इलाके का है, जहां घर घुसकर एक युवक की निर्ममता से हत्या कर गई। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है। गुस्साए लोग थाने पर चढ़ गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पटना जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के आंबेडकर नगर में युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रामविलास दास के पुत्र ज्ञानदीप के रूप में हुई है। हमले में उसकी मां सुनीता देवी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीएमसीएच रेफर किया गया है। इधर, घटना से आक्रोशित होकर परिजन और ग्रामीण थाने पर चढ़ गए। वह पुलिस से हत्या आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने थाना पर पथराव कर दिया, जिससे कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। हालांकि, पुलिस ने समय रहते हालात पर नियंत्रण पा लिया। फिलहाल पुलिस टीम इलाके में कैंप कर रही है।
इधर, परिजनों का आरोप है कि ज्ञानदीप का छत्रपाल नगर निवासी दीनानाथ के परिवार में आना-जाना था। कुछ दिनों पहले दीनानाथ को शक हुआ कि ज्ञानदीप का उसकी बेटी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच तनाव था।

बाजार जाने के दौरान रास्ते में घेरा, भाई के पहुंचने पर शांत हुआ विवाद
परिजनों के मुताबिक, मंगलवार रात ज्ञानदीप घर से सब्जी खरीदने के लिए बाजार निकला था। आरोप है कि रास्ते में दीनानाथ और कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान ज्ञानदीप ने अपने भाई दीपक को फोन कर मौके पर बुलाया। दीपक वहां पहुंचा और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद वह ज्ञानदीप को अपने साथ घर ले आया।
घर में घुसकर चाकू ज्ञानदीप के सीने, पेट और पैर में चाकू घोंपा
परिजनों का आरोप है कि विवाद शांत होने के कुछ देर बाद दीनानाथ अपने दो बेटों के साथ ज्ञानदीप के घर में जबरन घुस आया। वहां गाली-गलौज के बाद ज्ञानदीप पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए। हमलावरों ने उसके सीने, पेट और पैर में चाकू घोंप दिया। ज्ञानदीप को खून से लथपथ देखकर उसकी मां सुनीता देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं। आरोप है कि हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे उनकी हथेली गंभीर रूप से कट गई।

अस्पताल ले जाने के दौरान ज्ञानदीप की मौत
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन घायल ज्ञानदीप को इलाज के लिए बख्तियारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
चचेरे भाई ने कहा- गलतफहमी और शक में हत्या
मृतक के चचेरे भाई रवि कुमार ने आरोप लगाया कि गलतफहमी और शक के कारण ज्ञानदीप की हत्या की गई। उन्होंने बताया कि ज्ञानदीप और आरोपी पक्ष की बेटी एक ही कक्षा में पढ़ते थे। रवि के मुताबिक, बीती रात आरोपी पक्ष के लोग घर पर आकर गाली-गलौज कर रहे थे।
पुलिस बोली- प्रेम प्रसंग की आशंका से इनकार नहीं
एसडीपीओ-2 आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल विवाद के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चला है। उन्होंने कहा कि प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद होने की संभावित घटना से भी इनकार नहीं किया जा सकता है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।