Bihar News: दहेज के लिए विवाहिता को घर से निकाला, दूसरी शादी की तैयारी में था आरोपी पति
Bihar News: पूर्णिया के रामबाग में एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता दीप सीखा का कहना है कि लव मैरिज के बाद उसे स्वीकार नहीं किया गया और अब उसके पति की दूसरी शादी कराई जा रही है।
विस्तार
पूर्णिया शहर के रामबाग इलाके में एक विवाहिता के साथ ससुराल पक्ष द्वारा कथित धोखाधड़ी और प्रताड़ना का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर घर से बाहर निकालने और उसके पति की दूसरी शादी तय करने का आरोप लगाया गया है। न्याय की गुहार लेकर जब पीड़िता ससुराल पहुंची, तो उसे घर में प्रवेश तक नहीं करने दिया गया, जिसके बाद मौके पर घंटों तक हंगामा होता रहा।
पीड़िता ने किया था लव मैरिज
पीड़िता 24 वर्षीय दीप सीखा ने बताया कि उनका आशुतोष गुप्ता के साथ प्रेम संबंध था। दोनों ने पहले प्रेम विवाह किया, फिर कोर्ट मैरिज की और बाद में परिवार की सहमति से सामाजिक रीति-रिवाज से शादी भी हुई। लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद ससुराल पक्ष का व्यवहार बदल गया।
लगातार दहेज की मांग कर रहे थे ससुराल
दीप सीखा का आरोप है कि ससुराल वाले लगातार दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उन्हें मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया गया और घर में प्रवेश पर रोक लगा दी गई। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि शादी के महज दो महीने बाद ही ससुराल वालों ने उनके पति की दूसरी शादी चुपचाप तय कर दी। उसका कहना है कि उसके पति का फोन बंद है और उन्हें मिलने नहीं दिया जा रहा। पीड़िता ने कहा कि वह हर हाल में अपने पति के साथ रहना चाहती हैं और दूसरी शादी को रुकवाएगी।
ये भी पढ़ें: महागठबंधन को धोखे पर कांग्रेस विधायकों ने क्या कहा? वोटिंग के दौरान थे गायब
पुलिस पहुंची, फिर भी नहीं खुला घर का गेट
मामले की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ससुराल पक्ष का रवैया नहीं बदला। आरोप है कि परिवार के लोगों ने घर के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया और पुलिस को भी अंदर प्रवेश नहीं करने दिया। लड़के के परिजनों ने पुलिस के साथ बहस करते हुए कहा कि वे इस शादी को मान्यता नहीं देते। उनका दावा है कि मामला कोर्ट में लंबित है और किसी भी स्थिति में दीप सीखा को घर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर दहेज और वैवाहिक विवादों को लेकर समाज में गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.