Accident Today: बाइक बचाने के चक्कर में पेड़ से टकराया ऑटो; चार महीने के मासूम बच्चे की मौत, 10 घायल
Purnea News: पूर्णिया के कसबा में बाइक बचाने के प्रयास में एक ऑटो पेड़ से टकराकर पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में 4 माह के मासूम विनायक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज पूर्णिया जीएमसीएच में जारी है।
विस्तार
पूर्णिया में रफ्तार और अचानक सामने आई बाधा ने एक बार फिर एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। कसबा थाना क्षेत्र के जबलपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में 4 माह के मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना में ऑटो चालक समेत कुल 10 लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन महिलाओं की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है। सभी घायलों को इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को यात्रियों से भरा एक ऑटो पूर्णिया से जलालगढ़ की ओर जा रहा था। जैसे ही ऑटो कसबा पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, अचानक एक तेज रफ्तार बाइक ऑटो के सामने आ गया। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में ऑटो चालक ने तेजी से स्टेयरिंग घुमाया, जिससे ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक विशाल पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और वह सड़क पर ही पलट गया। चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला।
बताया गया कि इस हादसे में 4 माह के मासूम विनायक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। विनायक, जलालगढ़ थाना क्षेत्र के ईटहरी गांव निवासी कुणाल चौरसिया का पुत्र था। उसकी मां, फूल कुमारी, अपने कलेजे के टुकड़े का इलाज कराने पूर्णिया आई थी और वापस घर लौट रही थी, लेकिन रास्ते में ही नियति ने उससे उसका बच्चा छीन लिया। हादसे में घायल हुए 10 लोगों में से अधिकांश एक ही क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पढ़ें- बिहार में शिक्षा व्यवस्था बदहाल: सरकारी स्कूल में खुलेआम कटते हैं मछली-मुर्गे, शाम को घुस आते हैं नशेड़ी
घायलों की पहचान ईटहरी निवासी अशोक चौरसिया, किरण कुमारी और फूल कुमारी के रूप में हुई है। अन्य घायलों में मनीषा कुमारी भी शामिल हैं, जो लाइन बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती अपने पति से मिलकर घर लौट रही थीं। वहीं किरण देवी अपने पति अशोक चौरसिया के साथ ऑपरेशन के सिलसिले में पूर्णिया आई थीं। डॉक्टरों के अनुसार, तीन महिलाओं को गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं और उन्हें जीएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में ऑब्जर्वेशन पर रखा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही कसबा थाना पुलिस मौके पर और फिर जीएमसीएच पहुंची। पुलिस ने मृत शिशु के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कसबा थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन का कहना है कि दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को जब्त कर लिया गया है और मामले की छानबीन की जा रही है। एक हंसते-खेलते परिवार के लिए अस्पताल से घर वापसी का यह सफर ताउम्र न भूलने वाला जख्म दे गया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.