Bihar: काम में लापरवाही पर बनियापुर थानाध्यक्ष निलंबित, 7 दिन में जवाब तलब; चाकूबाजी कांड से जुड़ा है मामला
Bihar: एसएसपी डॉ. कुमार आशीष ने कर्तव्य में लापरवाही और पीड़ित पक्ष से अनुचित व्यवहार के आरोप में बनियापुर थानाध्यक्ष दिनेश कुमार यादव को निलंबित कर 7 दिनों में स्पष्टीकरण मांगा है। 24 नवंबर को परसा टोला में चाकूबाजी मामले पर तत्पर कार्रवाई नहीं करने और जांच में आरोप साबित होने के बाद यह कार्रवाई की गई।
विस्तार
सारण पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य में लापरवाही और आमजनों के साथ अनुचित व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित पुलिस पदाधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष ने बनियापुर थानाध्यक्ष दिनेश कुमार यादव को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई हेतु सात दिनों के अंदर स्पष्टीकरण देने का आदेश जारी किया है।
पढ़ें: अस्मिता ईस्ट जोन वेटलिफ्टिंग में बिहार की शालिनी ने जीते 2 स्वर्ण, 184 किलो वजन उठाकर बनीं चैंपियन
जारी बयान के अनुसार, 24 नवंबर 2025 को बनियापुर थाना क्षेत्र के परसा टोला में मारपीट और चाकूबाजी की घटना के बाद थानाध्यक्ष द्वारा समय पर कार्रवाई नहीं की गई। साथ ही पीड़ित पक्ष के साथ अनुचित व्यवहार के आरोप भी लगाए गए थे। सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई।
क्या है मामला?
24 नवंबर की रात टोला परसा गांव में आई बारात के दौरान युवक आर्केस्ट्रा देख रहे थे। इसी दौरान आपसी बातचीत में जातिगत टिप्पणी को लेकर विवाद हुआ, जो पहले तो शांत हो गया। लेकिन बाद में पड़ोसी युवक राहुल कुमार पाँच अज्ञात साथियों के साथ पीड़ित जय प्रकाश प्रसाद कुशवाहा के घर पहुंचा और उनके पुत्र अनुज कुमार पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। अनुज कुमार गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। शोर सुनकर बचाव के लिए बाहर आए उसके पिता पर भी आरोपी ने चाकू से वार किया। घायल पिता-पुत्र को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल भेजा गया, जहां से दोनों को बेहतर उपचार के लिए पीएमसीएच पटना रेफर किया गया। इलाज के दौरान अनुज कुमार की मौत हो गई।