Bihar News: शक के आधार पर खाद्यान्न ढोने वाले दो ट्रक जब्त, कागजातों की जांच में जुटी पुलिस
Bihar: सीवान में सरकारी गोदाम तक खाद्यान्न ले जा रहे दो ट्रकों को पुलिस ने शक के आधार पर जब्त किया। कागजात संदिग्ध पाए गए हैं। गुप्त सूचना पर कार्रवाई हुई। ट्रक मालिक, चालक और एजेंसियों की भूमिका की जांच जारी है।
विस्तार
सीवान जिले में सरकारी गोदाम तक खाद्यान्न पहुंचाने में लगे दो ट्रकों को पुलिस ने शक के आधार पर जब्त किया है। दोनों ट्रकों के कागजात संदिग्ध पाए जाने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई है, जिससे खाद्यान्न ढुलाई में संभावित गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि जिले में तीन ऐसे ट्रक सड़क पर चल रहे हैं, जिनका उपयोग बिहार राज्य खाद्य निगम के गोदाम तक खाद्यान्न पहुंचाने में किया जा रहा है, लेकिन उनके कागजात संदिग्ध हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि एक ही ट्रक नंबर का संचालन सीवान और वैशाली जिले में एक साथ किया जा रहा है, जो नियमों के खिलाफ है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने दरौंदा और मुफस्सिल थाना क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान पुलिस ने दो ट्रकों को रोककर पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में उनके कागजातों में अनियमितता की आशंका सामने आई, जिसके बाद दोनों ट्रकों को जब्त कर थाने लाया गया।
पढ़ें: पार्किंग की कमी बनी मुसीबत, हैदराबाद से आई इंडिगो को नहीं मिली समय पर लैंडिंग; हवा में उड़ता रहा विमान
फिलहाल पुलिस ट्रकों से संबंधित सभी कागजातों की बारीकी से जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में ट्रक मालिक, चालक और संबंधित एजेंसियों की क्या भूमिका है। दरौंदा थाना अध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। ट्रकों को जब्त कर लिया गया है और उनके कागजातों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।