Bihar: दिनदहाड़े दहशत, छपरा में हथियारबंद बदमाशों ने ज्वेलरी शॉप से 15 लाख की कि लूट; बाइक से आए थे आरोपी
छपरा में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आए। मांझी थाना क्षेत्र के महम्मदपुर बाजार में दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने एक ज्वेलरी दुकान में लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए करीब 15 लाख रुपये के स्वर्ण आभूषण लूट लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
विस्तार
बिहार के छपरा में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस का एक और मामला सामने आया है। बेखौफ हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े स्वर्ण आभूषण की दुकान में लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। यह घटना सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत महम्मदपुर बाजार की है, जहां रविवार दोपहर करीब पांच की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने एक ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाया।
एक अपराधी बाहर निगरानी करता रहा था
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने महम्मदपुर बाजार स्थित बृज बिहारी लाल की सोना-चांदी की दुकान में घुसकर करीब 15 लाख रुपये मूल्य के आभूषण लूट लिए और फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अपराधी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर बाजार पहुंचे थे। उन्होंने पहले दुकान के बाहर खड़े होकर स्थिति का जायजा लिया, इसके बाद चार अपराधी हथियार के साथ दुकान के अंदर घुस गए, जबकि एक अपराधी बाहर निगरानी करता रहा।
सभी अपराधी मौके से फरार हो गए
दुकान में घुसते ही अपराधियों ने हथियार के बल पर दुकानदार और कर्मचारियों को डराया-धमकाया और काउंटर में रखे सोने-चांदी के आभूषण बैग में भरने लगे। इसी दौरान बाहर खड़े एक अपराधी ने हवाई फायरिंग कर दी, जिससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए। भय के कारण कोई भी व्यक्ति अपराधियों का विरोध नहीं कर सका। पूरी वारदात महज कुछ ही मिनटों में अंजाम देकर सभी अपराधी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद महम्मदपुर बाजार में हड़कंप मच गया और स्थानीय दुकानदारों में भय का माहौल व्याप्त हो गया। सूचना मिलने पर मांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की। एसडीपीओ राज कुमार के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस दुकानदार और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर अपराधियों की पहचान में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें- Bihar: कानून से ऊपर कोई नहीं, निर्दोष को डर नहीं; दोषी को बख्शा नहीं जाएगा हाजीपुर में बोले चिराग पासवान
इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की
दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। उन्होंने इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
वहीं सारण पुलिस का दावा है कि अपराधियों की पहचान कर जल्द ही उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन कर दिया है। पुलिस का कहना है कि लूटकांड में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।