Bihar: कानून से ऊपर कोई नहीं, निर्दोष को डर नहीं; दोषी को बख्शा नहीं जाएगा हाजीपुर में बोले चिराग पासवान
हाजीपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी को न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि निर्दोष को डरने की जरूरत नहीं है, लेकिन दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई तय है।
विस्तार
वैशाली जिले के हाजीपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि जिनके कर्म सही हैं, उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है। देश की न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा रखना चाहिए। अगर किसी ने कोई गलत काम नहीं किया है, तो उसके साथ भी अन्याय नहीं होगा, लेकिन यदि किसी ने गुनाह किया है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।
हाजीपुर के सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी को न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना ठोस आधार और सबूत के किसी सांसद की गिरफ्तारी संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों के पास निश्चित रूप से ऐसे तथ्य और प्रमाण होंगे, जिनके आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई तय है
गिरफ्तारी के समय बनाए गए माहौल पर टिप्पणी करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि जिस तरह का भय का वातावरण बनाया गया, वह शोभा नहीं देता। उन्होंने कहा कि संबंधित पक्ष को सहयोग करना चाहिए था। यह पूरी तरह से कानूनी प्रक्रिया है और हर किसी को देश की न्याय प्रणाली पर भरोसा रखना चाहिए।
उन्होंने दो टूक कहा कि बिना किसी आधार के किसी सांसद पर कार्रवाई नहीं होती। चिराग पासवान ने भरोसा दिलाया कि एनडीए सरकार में यदि कोई निर्दोष है तो उसे कोई नुकसान नहीं होगा, लेकिन दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई तय है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और आरजेडी पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘बदले की राजनीति’ करना विपक्ष की पुरानी आदत रही है, जबकि यह गिरफ्तारी केवल कानून के तहत की गई कार्रवाई है।
दो दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया
उल्लेखनीय है कि 31 साल पुराने एक मामले में पटना पुलिस ने 6 फरवरी 2026 की देर रात पप्पू यादव को गिरफ्तार किया था। यह गिरफ्तारी गर्दनीबाग थाना में दर्ज धोखाधड़ी (धारा 420), जालसाजी (468) और आपराधिक साजिश (120B) के आरोपों से जुड़ी है। शनिवार, 7 फरवरी 2026 को उन्हें पटना की एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें दो दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
ये भी पढ़ें- Bihar News : दरभंगा में पुलिस पर पथराव, जवाब में लाठीचार्ज; किस वारदात के बाद गुस्से में लोग?
गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आई, जिसके बाद उन्हें पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) में भर्ती कराया गया। उनकी जमानत याचिका पर सोमवार, 9 फरवरी 2026 को सुनवाई होने की संभावना है।