पूर्णिया में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की भिड़ंत से 2 युवकों की दर्दनाक मौत; परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
पूर्णिया जिले के अमौर थाना क्षेत्र में अमौर–बालूगंज मुख्य मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
पूर्णिया जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। अमौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत अमौर–बालूगंज मुख्य मार्ग पर चुड़ा मिल के समीप शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस भीषण टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद दोनों मृतकों के गांवों में मातम पसरा हुआ है।
मृतकों की पहचान बालूगंज निवासी राहुल कुमार (21), पिता राजकुमार, और कोचका निवासी रिजवान (20), पिता इस्लाम, के रूप में की गई है। सूचना मिलते ही अमौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को भी जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
आ रही बाइकों में जोरदार टक्कर हो गई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राहुल कुमार बड़ा ईदगाह की ओर से अपने घर बालूगंज जा रहे थे, जबकि रिजवान अमौर की दिशा से अपने घर कोचका लौट रहे थे। जैसे ही दोनों की बाइकें चुड़ा मिल के पास पहुंचीं, विपरीत दिशा से आ रही बाइकों में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ये भी पढ़ें- Bihar: कानून से ऊपर कोई नहीं, निर्दोष को डर नहीं; दोषी को बख्शा नहीं जाएगा हाजीपुर में बोले चिराग पासवान
इस हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। रिजवान अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और तीन बहनों के बीच अकेला भाई था, जिस पर परिवार की सारी उम्मीदें टिकी थीं। वहीं, राहुल अपने दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था और घर की जिम्मेदारी उसके कंधों पर थी। दोनों युवकों की असमय मौत से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरा इलाका शोकाकुल है।
अमौर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की कानूनी छानबीन की जा रही है। वहीं, ग्रामीणों ने इस मार्ग पर लगातार हो रहे सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से गति सीमा नियंत्रित करने और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।