Bihar News: नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, ससुराल वाले क्यों हुए फरार? प्राथमिकी दर्ज
परसा के माड़र गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है, जबकि आरोपी परिवार के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।
विस्तार
सारण जिले के परसा थाना क्षेत्र स्थित माड़र गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने संदेहास्पद हालत में मिले शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतका की पहचान माड़र निवासी संतोष कुमार सिंह की 22 वर्षीय पत्नी सुमन कुमारी के रूप में हुई है। सुमन मूल रूप से वैशाली जिला के भगवानपुर रति टोला सदोपुर गांव निवासी प्रमोद भगत की पुत्री थी।
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बरामद कर जांच शुरू की।
22 नवंबर 2024 को हुई थी शादी
मृतका के पिता प्रमोद भगत ने बताया कि उनकी पुत्री की शादी 22 नवंबर 2024 को हिंदू रीति-रिवाज से संतोष कुमार सिंह से धूमधाम से की गई थी। लगभग एक सप्ताह पहले ही सुमन ने शादी की पहली वर्षगांठ मनाई थी। इसके बाद से ही पति-पत्नी और परिवार के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।
पिता ने आरोप लगाया कि गुरुवार देर शाम ग्रामीणों से फोन पर जानकारी मिली कि ससुराल पक्ष ने उनकी बेटी को फांसी लगाकर मार डाला है। जब वे ससुराल पहुंचे तो पुत्री का शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला।
ये भी पढ़ें- Bihar : सीएम नीतीश कुमार ने युवाओं को दिया संदेश, कहा- 1 करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार देना सरकार की प्राथमिकता
आभूषण को लेकर विवाद का आरोप
प्रमोद भगत का आरोप है कि पति ने पहले सुमन के कान की बाली बेच दी थी और फिर पायल बेचने का दबाव बना रहा था, जिसका सुमन ने विरोध किया। इसी विवाद के कारण पति, सास, ससुर और अन्य परिजनों ने मिलकर हत्या की है। घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। मृतका के पिता के बयान पर परसा थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी है।