Bihar News: सिवान में दो बाइकों की टक्कर में एक की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
Bihar News: सीवान में दो बाइकों की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत के बाद मामला संदिग्ध बन गया है। परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए सुनियोजित हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस ने केस दर्ज कर सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
सिवान के जीबी नगर थाना क्षेत्र के सलाहपुर–सरैया गांव के बीच शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का इलाज पुलिस कस्टडी में सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने इसे महज हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है।
अब्दुल कलाम के रूप में हुई मृतक की पहचान
मृतक की पहचान बड़हरिया थाना क्षेत्र के भलुआरा निवासी अमीन साह के 50 वर्षीय पुत्र अब्दुल कलाम के रूप में की गई है। वहीं घायल युवक की पहचान अलमापुर निवासी विशाल कुमार के रूप में हुई है।
मौलवी का कार्य करते थे मृतक
घटना के संबंध में मृतक के परिजनों ने बताया कि अब्दुल कलाम मौलवी का कार्य करते थे। शनिवार दोपहर विशाल कुमार उनसे मिलने उनके घर आया था और करीब एक घंटे तक बैठा रहा। इसके बाद शाम में अब्दुल कलाम बाजार के लिए बाइक से निकले। इसी दौरान सलाहपुर और सरैया के बीच दोनों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें अब्दुल कलाम की मौत हो गई।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
परिजनों का आरोप है कि यह घटना संदिग्ध है और इसे सुनियोजित हत्या के रूप में देखा जाना चाहिए। उनका कहना है कि हादसे के बावजूद मृतक के हेलमेट पर खरोंच तक नहीं आई, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि जब वे घटनास्थल से गुजर रहे थे, तो सड़क पर भीड़ देखकर वहां पहुंचे, जहां अब्दुल मृत अवस्था में पड़े थे और विशाल भी घायल अवस्था में वहीं गिरा हुआ था।
पुलिस ने शव का कराया पोस्टमार्टम
सूचना मिलने के बाद जीबी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अब्दुल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।
ये भी पढ़ें: छपरा में रफ्तार का कहर, शराब लदी अनियंत्रित कार ने दुकानदार को मारी टक्कर, दर्दनाक मौत
क्या कहती है पुलिस?
थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से हत्या की आशंका जताते हुए आवेदन दिया गया है, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत होता है, लेकिन सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। घायल विशाल कुमार के ठीक होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही घटना की सच्चाई सामने आ सकेगी। फिलहाल पूरे मामले को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.