Bihar : 'ऐसा करो, वरना गणित में फेल कर देंगे'- शिक्षक पर छात्राओं के आरोप, पिटाई के बाद पुलिस को सौंपा
छपरा शहर के एक निजी विद्यालय में गणित शिक्षक पर छात्रा से कथित छेड़छाड़ और अनुचित व्यवहार का आरोप लगा है। छात्रा की शिकायत पर उसके परिजन स्कूल पहुंचे और आरोपी शिक्षक की पिटाई कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है, जबकि विद्यालय प्रबंधन की भूमिका भी सवालों के घेरे में है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रमंडलीय मुख्यालय सारण की इस घटना ने एक बार फिर निजी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, शिकायतों के त्वरित निस्तारण और विद्यालय प्रबंधन की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला शहर स्थित एक प्रतिष्ठित निजी विद्यालय का बताया जा रहा है, जहां गणित के एक शिक्षक पर छात्रा से कथित छेड़छाड़ और अशोभनीय हरकत करने का गंभीर आरोप लगने के बाद बुधवार सुबह जमकर हंगामा हुआ। छात्रा की शिकायत पर उसके परिजन विद्यालय पहुंचे और आरोपित शिक्षक की पिटाई कर दी। बाद में उसे भगवान बाजार थाना लाया गया, जहां पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
प्राचार्य से शिकायत करने के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
स्थानीय पुलिस के अनुसार, आरोपित शिक्षक की पहचान इमाम राजा के रूप में हुई है। वह सारण जिले के इसुआपुर थाना क्षेत्र के असांव गांव का निवासी है और वर्तमान में शहर के कटहरी बाग मोहल्ले में किराए के मकान में रह रहा था। वह विद्यालय में गणित विषय पढ़ाता था। पीड़ित छात्रा का आरोप है कि शिक्षक पिछले कई दिनों से उसे पढ़ाई के बहाने परेशान कर रहा था। वह बार-बार बातचीत करने का दबाव बनाता और अनुचित व्यवहार करता था। छात्रा ने बताया कि लगभग एक माह पहले उसने इसकी शिकायत विद्यालय के प्राचार्य से भी की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। बुधवार को शिक्षक द्वारा दोबारा कथित रूप से छेड़छाड़ किए जाने के बाद उसने पूरी बात अपने परिजनों को बताई।
गणित में फेल करने की धमकी देने का भी आरोप
सूचना मिलते ही छात्रा के परिजन विद्यालय पहुंच गए। उन्होंने आरोपित शिक्षक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय परिसर के बाहर बड़ी संख्या में अभिभावक और स्थानीय लोग जमा हो गए। लोगों में शिक्षक के प्रति भारी आक्रोश देखने को मिला। बाद में स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को अपने कब्जे में लेकर भगवान बाजार थाना ले गई।
ये भी पढ़ें- बिहार के कई जिलों में आज भी बारिश का अलर्ट, पटना में 26 जुलाई तक कैसा रहेगा मौसम का हाल
घटना के बाद कुछ अन्य छात्राओं ने भी संबंधित शिक्षक पर अनुचित व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं। आरोप है कि वह छात्रों को गणित विषय में फेल कराने की धमकी देकर उन पर दबाव बनाता था। कुछ छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि वह मोबाइल पर आपत्तिजनक संदेश और तस्वीरें भेजने का प्रयास करता था। हालांकि, इन सभी आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
डिजिटल साक्ष्यों की होगी जांच, बोले थानाध्यक्ष
इस संबंध में भगवान बाजार थानाध्यक्ष रणधीर कुमार ने बताया कि छात्रा के आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। छात्रा के मोबाइल फोन, व्हाट्सएप चैट, स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जाएगी। उपलब्ध साक्ष्यों एवं पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर निष्पक्ष और विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद विद्यालय प्रशासन की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। परिजनों का आरोप है कि यदि छात्रा की पहली शिकायत पर समय रहते उचित कार्रवाई की गई होती, तो शायद मामला इस स्तर तक नहीं पहुंचता। अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन की जवाबदेही भी तय करने की मांग की है।