Bihar News: होली की शाम दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार कार की चपेट में आए दो मासूम; मौके पर मौत
गोपालगंज के कुचायकोट थाना क्षेत्र में होली की शाम एनएच-27 पर तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया, जबकि पुलिस ने वाहन जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
गोपालगंज। जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र में होली की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। बुधवार की शाम एनएच-27 पर पहाड़पुर गांव के पास तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक किशोर और एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान पहाड़पुर छांगुर गांव निवासी संजीव सिंह के 14 वर्षीय पुत्र समर सिंह तथा उनके भाई अमर सिंह के 8 वर्षीय पुत्र अमन कुमार के रूप में की गई है। अमन कुमार अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार सहित पूरे गांव में मातम छा गया और होली की खुशियां पलभर में गम में बदल गईं।
मिली जानकारी के अनुसार समर सिंह और उसका चचेरा भाई अमन कुमार बाजार की ओर गए थे। वापस लौटने के दौरान पहाड़पुर गांव के पास एनएच-27 पार करते समय दोनों तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
ये भी पढ़ें- Live Bihar Politics LIVE: अमित शाह बोले- स्वर्णिम रहा CM नीतीश का कार्यकाल; और किस दिग्गज ने क्या कहा?
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद दोनों बच्चों का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया।
घर का इकलौता बेटा था
बताया जाता है कि समर सिंह अपने माता-पिता की दो संतानों में छोटा था, जबकि अमन कुमार अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। घटना की खबर मिलते ही परिजनों के रोने-बिलखने और चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार मौके पर जुट गए और परिजनों को ढांढस बंधाते रहे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।