सुहानी हत्याकांड: सात साल से था रिलेशन, नशे की लत के कारण आई थी दूरी; इसी पर बहस के बाद विनय ने मारा था चाकू
चंडीगढ़ में पार्क में एक युवक ने युवती का गला रेत दिया था। पुलिस ने आरोपी विनय को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने कई खुलासे किए हैं।
विस्तार
चंडीगढ़ सेक्टर-36 के फ्रैग्रेंस गार्डन के सामने वाले पार्क में रविवार रात 23 वर्षीय सुहानी की चाकू घोंपकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस बुडै़ल निवासी आरोपी विनय (28) को आज जिला अदालत में पेश करेगी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू और कपड़े बरामद कर लिए हैं। वारदात के बाद आरोपी पार्क में नाले के दूसरे पार चाकू फेंककर भाग गया था। वारदात के बाद आरोपी पैदल बुडै़ल पहुंचा और कपड़े बदलकर इधर-उधर घूमने लगा। पुलिस ने सोमवार को विनय को सेक्टर-43 से गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार आरोपी घरवालों को मनाने के लिए लड़की पर डाल रहा था। जब उसने मना किया तो गले पर चाकू घोंप दिया। आरोपी कांसल में रहता था लेकिन एक महीने से पिता के साथ बुडै़ल में रहने लगा था। वहीं पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार सुहानी के गले पर चाकू से चार वार किए थे।
सात साल से थी जान पहचान
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी विनय सात साल से सुहानी के संपर्क में था। आरोपी की मुलाकात सेक्टर-35 में हुई थी। सुहानी के पिता सेक्टर-35 में धोबी का काम करते हैं। सुहानी सेक्टर-35 में पार्क में बैठकर पढ़ाई करती थी। इसी दौरान दोनों में दोस्ती हुई। आरोपी सेक्टर-19 में मोमोज का काम करता था लेकिन एक महीने से काम पर नहीं जा रहा था। आरोपी लगातार सुहानी पर उसके साथ शादी करने का दबाव बना रहा था।
काम धंधे की बात कहने पर भड़का था विनय
सुहानी को पता चल चुका था कि वह ड्रग्स का सेवन करता है, जिसके चलते वह उससे दूरी बनाने लगी थी। शुरुआत में तो विनय को उसकी एंगेजमेंट के बारे में भी नहीं पता चला था। आरोपी से दूरी बनाने के लिए परिवार ने सुहानी की शादी सेक्टर- 56 निवासी राहुल से तय कर दी।
आरोपी ने रविवार को सुहानी को मिलने के लिए बुलाया। बुडै़ल से विनय पैदल ही सेक्टर-36 के पार्क में पहुंचा जबकि सुहानी एक्टिवा लेकर आई। मुलाकात के दौरान विनय ने फिर से सुहानी को परिवार को शादी के लिए मनाने के लिए कहा लेकिन सुहानी ने उसे मना कर दिया। सुहानी ने कहा कि वह गांव चला जाए और कोई काम धंधा कर ले। इसी बात पर गुस्से में आरोपी ने चाकू निकाला और अचानक उसकी गर्दन पर हमला कर दिया जिससे सुहानी की मौके पर ही मौत हो गई।
सुहानी ने आरोपी को 1500 रुपये किए थे गूगल पे
जांच में सामने आया कि घटना से पहले दिन में सुहानी ने आरोपी को गूगल पे पर 1500 रुपये ट्रांसफर किए थे। आरोपी ने 1500 रुपये लेने के बाद मलोया से ड्रग्स खरीदा और फिर सुहानी को मिलने के लिए बुलाया। जांच में सामने आया कि वारदात से पहले आरोपी ने ड्रग्स का सेवन किया था।