WPL 2026: जेमिमा रोड्रिग्स को मिल सकती है दिल्ली कैपिटल्स की कमान, फ्रेंचाइजी ने साझा किया सस्पेंस भरा Video
दिल्ली कैपिटल्स के सस्पेंस भरे वीडियो के बाद महिला प्रीमियर लीग 2026 में नई कप्तान की अटकलें तेज हो गई हैं, जिसमें जेमिमा रोड्रिग्स सबसे आगे नजर आ रही हैं। फ्रेंचाइजी भारतीय कप्तान चाहती है और जेमिमा का लगातार अच्छा प्रदर्शन उन्हें इस भूमिका के लिए मजबूत दावेदार बनाता है।
विस्तार
𝗕𝗶𝗴 𝗔𝗻𝗻𝗼𝘂𝗻𝗰𝗲𝗺𝗲𝗻𝘁 𝗔𝗹𝗲𝗿𝘁 💼👀
— Delhi Capitals (@DelhiCapitals) December 22, 2025
Coming your way on 23 December, at 6 PM, on @StarSportsIndia and @JioHotstar 📺 pic.twitter.com/Ucuf0OPIe5
इस वीडियो के सामने आते ही फैंस ने कयास लगाने शुरू कर दिए। माना जा रहा है कि दिल्ली कैपिटल्स महिला प्रीमियर लीगके लिए अपनी नई कप्तान की घोषणा करने वाली है। कई फैंस ने जेमिमा रोड्रिग्स को कप्तानी के लिए सबसे मजबूत दावेदार बताया है। 25 वर्षीय जेमिमा रोड्रिग्स ने अब तक न तो भारतीय टीम की कप्तानी की है और न ही डब्ल्यूपीएल में दिल्ली कैपिटल्स की। लेकिन मेग लैनिंग के फ्रेंचाइजी छोड़कर यूपी वॉरियर्ज में शामिल होने के बाद जेमिमा इस भूमिका के लिए प्रमुख दावेदार बनकर उभरी हैं।
हाल ही में महिला विश्व कप फाइनल तक दक्षिण अफ्रीका को पहुंचाने वाली एल. वोल्वार्ड्ट भी कप्तानी की दौड़ में थीं, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स के मालिक पार्थ जिंदल ने संकेत दिया है कि टीम किसी भारतीय खिलाड़ी को ही कप्तान बनाना चाहती है। टीम के मालिक पार्थ जिंदल ने कहा, 'हमने मेग को बनाए रखने की पूरी कोशिश की, लेकिन वोल्वार्ड्ट भी एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं और उनमें नेतृत्व क्षमता है। हमारा स्पिन विभाग शालिनी चरणी और स्नेह राणा के साथ काफी मजबूत है। हम साफ तौर पर चाहते हैं कि कप्तान भारतीय हो और इस पर हमने मन बना लिया है।'
जेमिमा रोड्रिग्स पिछले तीन सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के लिए लगातार शानदार प्रदर्शन करती रही हैं। उन्होंने 27 मैचों में 507 रन बनाए हैं, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 139.66 रहा है। इस दौरान उन्होंने तीन अर्धशतक लगाए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 69 रन रहा है। दिल्ली कैपिटल्स अपना डब्ल्यूपीएल अभियान 10 जनवरी से शुरू करेगी, जहां उनका सामना हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस से नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में होगा।