सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   IPL 2026: Punjab Kings Suffer Fifth Straight Defeat As Shreyas Iyer Registers Unwanted Record

IPL 2026: पंजाब किंग्स को मिली लगातार पांचवीं हार, कप्तान श्रेयस अय्यर के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, धर्मशाला Published by: स्वप्निल शशांक Updated Fri, 15 May 2026 10:16 AM IST
विज्ञापन
सार

आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाफ मिली लगातार पांचवीं हार के बाद टीम की प्लेऑफ उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। इस हार के साथ कप्तान श्रेयस अय्यर के नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया। अब पंजाब के लिए प्लेऑफ की राह बेहद कठिन हो गई है।

IPL 2026: Punjab Kings Suffer Fifth Straight Defeat As Shreyas Iyer Registers Unwanted Record
पंजाब किंग्स - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार

आईपीएल 2026 के 58वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) को मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा। पीबीकेएस की यह लगातार पांचवीं हार है। इस हार के साथ ही कप्तान श्रेयस अय्यर के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया है।  
Trending Videos

श्रेयस के नाम जुड़ा अनचाहा रिकॉर्ड
दरअसल, आईपीएल में बतौर कप्तान 200 से ज्यादा रनों के लक्ष्य का बचाव करते हुए सबसे अधिक मैच हारने का अनचाहा रिकॉर्ड श्रेयस अय्यर के नाम हो गया है। 200 से अधिक रनों के लक्ष्य का बचाव करते हुए अय्यर ने सातवें मैच में हार का सामना किया है। आईपीएल इतिहास में अय्यर के अलावा कोई भी कप्तान 200 प्लस के टारगेट का बचाव करते हुए पांच से ज्यादा मैच नहीं हारा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

20 में से सात मैच हारी श्रेयस की टीम
श्रेयस अय्यर ने आईपीएल में 20 ऐसे मुकाबलों में कप्तानी की है, जिसमें उनकी टीम को 200 से अधिक रनों के लक्ष्य का बचाव करना था। इस दौरान श्रेयस ने 12 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, तो सात मुकाबलों में उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा है। वहीं, पंजाब किंग्स ने टी20 क्रिकेट में 10वीं बार 200 से अधिक रनों के लक्ष्य का बचाव करते हुए हार का सामना किया है।

2022 से मुंबई से नहीं हारे थे श्रेयस
साल 2022 से कप्तान के तौर पर श्रेयस अय्यर ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ हार का सामना नहीं किया था, लेकिन गुरुवार को उनका यह शानदार सिलसिला टूट गया। एमआई के खिलाफ बतौर कप्तान अय्यर ने सात मुकाबलों में जीत दर्ज की। आईपीएल में एक टीम के खिलाफ लगातार सर्वाधिक मैच जीतने का रिकॉर्ड गौतम गंभीर के नाम है, जिन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी करते हुए पंजाब किंग्स के खिलाफ आठ मैच जीते हैं।

हार के बाद क्या बोले श्रेयस
लगातार पांचवीं हार से श्रेयस काफी निराश नजर आए। उन्होंने माना कि इस मैच में मिली हार को पचाना काफी मुश्किल है। हालांकि, श्रेयस ने कहा कि पंजाब किंग्स ने इस मुकाबले में शानदार लड़ाई लड़ी और यह क्रिकेट का एक शानदार मैच रहा। उन्होंने कहा, 'जाहिर तौर पर इस हार को पचाना काफी मुश्किल है, लेकिन मैं यहां किसी भी परिस्थिति पर उंगली नहीं उठाना चाहता क्योंकि यह क्रिकेट का एक शानदार मैच था। बहुत अच्छा मैच था। उन्होंने (तिलक) कमाल की बल्लेबाजी की। तिलक अपने शॉट्स बहुत अच्छे से चुन रहे थे, और उन्होंने फील्ड को अच्छी तरह से समझकर खेला। इसी वजह से उन्हें श्रेय मिलना चाहिए।'

श्रेयस ने की ओमरजई की तारीफ
अजमतुल्लाह ओमरजई ने पंजाब किंग्स की ओर से अंत के ओवरों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 17 गेंदों में 38 रनों की दमदार पारी खेली। ओमरजई की तूफानी पारी की तारीफ करते हुए अय्यर ने कहा, 'बिल्कुल, एक समय पर हम लगभग 170 से 180 के आसपास का स्कोर देख रहे थे और वहां से ओमरजई ने बस मोमेंटम को हमारी तरफ मोड़ दिया। उन्होंने जबरदस्त छक्के लगाए और उनकी बल्लेबाजी के बूते 16, 17 ओवर के बाद से हमने लय पकड़ी और 200 के टोटल तक पहुंचने में सफल रहे।'

आरसीबी से मुकाबले के लिए उत्साहित श्रेयस
पंजाब किंग्स को अब प्लेऑफ में पहुंचने के बाद अपने बचे हुए दोनों ही मुकाबलों में जीत दर्ज करनी होगी। आरसीबी के खिलाफ होने वाले अगले मुकाबले को लेकर अय्यर ने कहा, 'जाहिर तौर पर अगले मैच के लिए उत्साहित हूं। यह दिन का मुकाबला होगा और हमको अब बचे हुए दोनों ही मुकाबलों में जीत दर्ज करनी होगी। अगले दो मुकाबले काफी शानदार होने वाले हैं। इन्हें खेलने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।'

मैच में क्या हुआ
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 200 रन लगाए। पीबीकेएस की ओर से प्रभसिमरन सिंह ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों में 57 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि अजमतुल्लाह ओमरजई ने 17 गेंदों में दो चौके और चार छक्कों की मदद से 38 रन बनाए।

हालांकि, मुंबई इंडियंस ने 201 रनों के लक्ष्य को चार विकेट खोकर 19.5 ओवर में हासिल कर लिया। एमआई की ओर से तिलक वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों में 75 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि रयान रिकेल्टन ने 23 गेंदों में 48 रन बनाए। तिलक ने अपनी पारी में छह चौके और छह छक्के लगाए। वहीं, विल जैक्स ने 10 गेंदों में 25 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम को जीत दिलाकर लौटे।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed