Shami 8 Wickets in Ranji Semifinal: रणजी सेमीफाइनल में शमी का कहर, आठ विकेट लेकर चयनकर्ताओं को दिया करारा जवाब
मोहम्मद शमी ने रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में आठ विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया। पूरे सीजन में 38 विकेट के साथ वह बेहतरीन फॉर्म में हैं। घरेलू क्रिकेट में लगातार सफलता के बाद अब सवाल यही है कि क्या चयनकर्ता उन्हें फिर से टीम इंडिया में मौका देंगे?
विस्तार
बंगाल क्रिकेट ग्राउंड पर शमी ने रफ्तार, सटीक लाइन-लेंथ और अनुभव का बेहतरीन नमूना पेश किया। पहली पारी के 59वें ओवर में उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज कनहैया वधावन को कैच आउट कर अपना पांचवां विकेट पूरा किया। इसके बाद उनका जोशीला जश्न साफ दिखा कि वह किस आत्मविश्वास में गेंदबाजी कर रहे हैं। मैच में कुल आठ विकेट लेकर शमी ने साबित किया कि घरेलू क्रिकेट में उनका फॉर्म लगातार निखर रहा है।
An 8️⃣-wicket masterpiece 🫡
— BCCI Domestic (@BCCIdomestic) February 17, 2026
Watch 🎥
Mohd. Shami wreaks havoc with his career-best First Class figures of 8/90 🔥
Updates ▶️ https://t.co/QXyCuRIgVM#RanjiTrophy | @IDFCFIRSTBank pic.twitter.com/f4F3TYnSWi
35 वर्षीय शमी इस रणजी सीजन में अब तक सात मैचों में 38 विकेट ले चुके हैं, जिसमें तीन बार पांच विकेट हॉल शामिल है। पिछले महीने सर्विसेज के खिलाफ भी उन्होंने 5/51 का बेहतरीन प्रदर्शन किया था। सिर्फ लाल गेंद ही नहीं, बल्कि विजय हजारे ट्रॉफी में भी उन्होंने सात मैचों में 15 विकेट लिए और 6.09 की इकॉनमी से गेंदबाजी की।
शानदार प्रदर्शन के बावजूद शमी हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज और 2026 टी20 विश्व कप की टीम में जगह नहीं बना सके। 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद से वह भारतीय टीम से बाहर हैं और बीसीसीआई का सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट भी खो चुके हैं। हालांकि, मौजूदा फॉर्म को देखते हुए चयनकर्ताओं के लिए उन्हें नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा, खासकर तब जब 2026 में भारत के सामने बड़े टेस्ट मुकाबले हैं।
रणजी ट्रॉफी के बाद शमी आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जाएंट्स की ओर से खेलते नजर आएंगे, लेकिन जिस लय में वह हैं, उससे साफ है कि उनका लक्ष्य सिर्फ फ्रेंचाइजी क्रिकेट नहीं, बल्कि टीम इंडिया में जोरदार वापसी है।
मैच की बात करें तो बंगाल ने अपनी पहली पारी में 328 रन बनाए थे। जवाब में जम्मू-कश्मीर की पहली पारी 302 रन पर समाप्त हुई थी और बंगाल को दूसरी पारी में 26 रन की बढ़त हासिल थी। इसके बाद बंगाल री दूसरी पारी महज 99 रन पर सिमट गई और उनकी कुल बढ़त 125 रन की हुई। इस तरह जम्मू कश्मीर को 126 रन का लक्ष्य मिला।