टीम इंडिया को मिला नया 360 डिग्री प्लेयर?: इस दिग्गज क्रिकेटर का है बेटा! वीडियो देख उस खिलाड़ी की आ जाएगी याद
राहुल द्रविड़ के बेटे समित द्रविड़ ने केएससीए टी20 ट्रॉफी में 23 गेंदों पर 32 रन की आकर्षक पारी खेलकर सुर्खियां बटोरीं। उनकी 360 डिग्री बल्लेबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बेंगलुरु ब्लास्टर्स ने रोमांचक मुकाबले में हुबली टाइगर्स को 2 रन से हराकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान मजबूत कर लिया।
विस्तार
एक जुलाई को केएससीए टी20 ट्रॉफी में कल्याणी बेंगलुरु ब्लास्टर्स और हुबली टाइगर्स के बीच मुकाबला खेला गया। इस मैच में समित द्रविड़ ने 23 गेंदों पर 32 रन बनाए, जिसमें छह शानदार चौके शामिल रहे। उन्होंने बैकफुट कट, पुल शॉट, कवर ड्राइव और लॉफ्टेड ड्राइव जैसे कई आकर्षक शॉट खेले। उनकी टाइमिंग और शॉट चयन ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
समित ने रोहन पाटिल के साथ दूसरे विकेट के लिए 70 रन की अहम साझेदारी की। इसके बाद रोहन पाटिल ने 38 गेंदों पर 64 रन और प्रवीण दुबे ने 28 गेंदों पर 51 रन बनाकर टीम को 20 ओवर में 203/7 के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। अंत में शिवराज ने केवल 7 गेंदों में 23 रन बनाकर तेजी से रन जोड़े।
Samit Dravid had the whole field covered 🤩
— FanCode (@FanCode) July 1, 2026
Catch all the action from the Maharaja Trophy KSCA T20 2026 LIVE on FanCode 📲#MaharajaTrophy pic.twitter.com/gurjHdavpE
204 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हुबली टाइगर्स ने आखिरी गेंद तक मुकाबला जीवंत रखा। मानवंथ कुमार ने सिर्फ 22 गेंदों में 60 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि शिवकुमार रक्षित ने 41 और अनीश्वर गौतम ने 34 रन बनाए। हालांकि बेंगलुरु ब्लास्टर्स ने दबाव में शानदार गेंदबाजी की और 2 रन से रोमांचक जीत दर्ज की। निशचित राव ने 3 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।
यह बेंगलुरु ब्लास्टर्स की सात मैचों में छठी जीत रही। टीम के अब 12 अंक हो गए हैं और वह अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर मजबूती से बनी हुई है। दूसरी ओर, हुबली टाइगर्स को इस सीजन की तीसरी हार का सामना करना पड़ा। हालांकि समित द्रविड़ की पारी बहुत बड़ी नहीं थी, लेकिन जिस आत्मविश्वास और तकनीक के साथ उन्होंने बल्लेबाजी की, उसने क्रिकेट प्रशंसकों का ध्यान जरूर खींचा। अगर वह इसी तरह लगातार प्रदर्शन करते रहे तो भविष्य में उन्हें बड़े मंच पर देखने की उम्मीद की जा सकती है।