IND vs SL: श्रीलंका दौरे से पहले भारत को बड़ा झटका! पहले टेस्ट से बाहर हुए वॉशिंगटन; रेड्डी-हर्षित पर भी संशय
श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने वाले पहले टेस्ट से वॉशिंगटन सुंदर चोट के कारण बाहर हो गए हैं। वहीं नीतीश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा के पूरे दौरे से बाहर रहने की संभावना है। जसप्रीत बुमराह 30 जुलाई तक आराम करेंगे, जबकि बी साई सुदर्शन की उपलब्धता भी फिटनेस पर निर्भर करेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारत के श्रीलंका दौरे से पहले टीम इंडिया को चोटों के मोर्चे पर बड़ा झटका लगा है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, स्पिन ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर 15 अगस्त से गॉल में शुरू होने वाले पहले टेस्ट से बाहर हो गए हैं। वहीं ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी और तेज गेंदबाज हर्षित राणा के दो मैचों की पूरी टेस्ट सीरीज से बाहर रहने की संभावना है। भारत अगले महीने श्रीलंका दौरे पर दो टेस्ट मैच खेलेगा। पहला मुकाबला 15 से 19 अगस्त तक गॉल में होगा, जबकि दूसरा टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के एसएससी मैदान पर खेला जाएगा।
वॉशिंगटन की फिटनेस पर फैसला बाद में
बीसीसीआई के एक सूत्र के मुताबिक, वॉशिंगटन सुंदर इंग्लैंड दौरे के दौरान सीमित ओवरों की सीरीज में पैर में चोटिल हो गए थे। इसी वजह से वह पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। हालांकि, अगर उनकी फिटनेस में सुधार होता है तो दूसरे टेस्ट के लिए उनके चयन पर विचार किया जा सकता है।
रेड्डी और हर्षित का दौरा भी मुश्किल
ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी और युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा भी अभी पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं। दोनों खिलाड़ियों के श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टीम का हिस्सा बनने की संभावना बेहद कम मानी जा रही है। उनकी गैरमौजूदगी से टीम इंडिया के तेज गेंदबाजी और ऑलराउंड विकल्पों पर असर पड़ सकता है।
बुमराह को अभी और आराम, साई सुदर्शन पर भी नजर
स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह फिलहाल 30 जुलाई तक आराम करेंगे। इसके बाद वह बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट करेंगे, जहां उनकी फिटनेस का आकलन किया जाएगा। वहीं युवा बल्लेबाज बी साई सुदर्शन की उपलब्धता भी पूरी तरह उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगी। हालांकि, सूत्रों के अनुसार उनकी रिकवरी अच्छी चल रही है और टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि वह जल्द पूरी तरह फिट हो जाएंगे। श्रीलंका दौरे से पहले लगातार चोटिल खिलाड़ियों की बढ़ती संख्या ने भारतीय टीम प्रबंधन की चिंता बढ़ा दी है। अब चयनकर्ताओं की नजर खिलाड़ियों की फिटनेस रिपोर्ट पर रहेगी, ताकि टेस्ट सीरीज के लिए सबसे संतुलित टीम का चयन किया जा सके।