निर्दलीय प्रत्याशी के लिए उर्वशी रौतेला ने मांगे वोट, लोगों से की प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाने की अपील
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फिल्म अभिनेत्री उर्वशी रौतेला ने सोमवार को नगर पालिका डोईवाला अध्यक्ष पद की प्रत्याशी शिल्पा नेगी के लिए लोगों से समर्थन देने का आह्वान किया। साथ ही स्थानीय लोगों से ग्रीन दिवाली मनाने की अपील की।
अभिनेत्री उर्वशी रौतेला सोमवार को मुंबई से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंची। डोईवाला में उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष पद निर्दलीय उम्मीदवार शिल्पा नेगी के लिए मतदाताओं से समर्थन मांगा।
रामबाग, चांदमारी, दूधली मार्ग आदि क्षेत्रों में उनके पक्ष में लोगों से वोट मांगें। पत्रकारों से बातचीत में उर्वशी ने कहा कि समाज को युवाओं को आगे आने का मौका देना चाहिए। अब राजनीति में भी महिलाएं अपनी क्षमता का लोहा मनवा रहीं हैं। उन्होंने आम लोगों से प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाने का आह्वान किया।
12 तक उपलब्ध कराए जाएंगे पोस्टल बैलेट
मुख्य विकास अधिकारी/प्रभारी अधिकारी कार्मिक जीएस रावत ने कहा कि निकाय चुनाव में तैनात रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को पोस्टल बैलेट 12 नवंबर तक उपलब्ध करा दिए जाएंगे। रेंजर्स कॉलेज से सभी आरओ को पोस्टल बैलेट दिए जाएंगे।
सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की पोस्टल बैलेट वितरण एवं प्राप्ति को लेकर बैठक हुई। बैठक में जीएस रावत ने कहा कि 12 नवंबर तक आरओ संबंधित मतदाताओं को पोस्टल बैलेट उपलब्ध कराएंगे।
आवेदकों से बैलेट 17 नवंबर तक स्वीकार कर लिए जाएंगे। रेंजर्स कॉलेज से सभी आरओ को पोस्टल बैलेट उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने आरओ को मतदेय स्थलों का रेंडम निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
साथ ही जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक करने को कहा। बताया कि मतदान कार्मिकों को सेक्टर मजिस्ट्रेट के जरिये से भुगतान किया जाएगा। बताया आरओ को नौ नवंबर को मतपेटियां भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
दूसरे चरण का मतदान प्रशिक्षण नौ से
सिटी मजिस्ट्रेट मनुज गोयल ने बताया कि जिस मतदाता द्वारा प्रपत्र-9 प्रस्तुत किया जाएगा, उसे ही पोस्टल बैलेट जारी किए जाएंगे। बताया कि पोस्टल बैलेट 50-50 की बंडलिंग में तैयार किए गए हैं। इन्हें इसी आधार पर बांटा जाएगा। बताया कि डिस्पैच सामग्री के लिए रैंजर्स कॉलेज में काउंटर लगाए जाएंगे। हर काउंटर से अलग-अलग तरह की सामग्रियां उपलब्ध कराई जाएंगी। इसी तरह संग्रह केंद्र पर भी निर्वाचन सामग्रियां प्राप्त की जाएंगी।
बैठक में जिला विकास अधिकारी/प्रभारी अधिकारी पोस्टल बैलेट प्रदीप पांडेय, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी बीर सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी प्रशासन/रिटर्निंग अधिकारी नगर निगम देहरादून अरविंद पांडेय, रिटर्निंग अधिकारी ऋषिकेश एसएम सेमवाल, रिटर्निंग अधिकारी डोईवाला कुसुम चौहान, मसूरी मीनाक्षी पटवाल, विकासनगर एवं हरबर्टपुर प्रभारी जितेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी सदर प्रत्यूष सिंह के साथ ही विभिन्न स्थानीय निकायों से संबंधित रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निग अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य विकास अधिकारी जीएस रावत ने बताया कि दूसरे चरण का मतदान प्रशिक्षण 9 से 12 नवंबर तक ओएनजीसी ऑडिटोरियम में किया जाएगा। इसके अलावा 13 एवं 14 नवंबर को मतगणना कार्मिकों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।