देहरादूनः श्री दरबार साहिब में आई रौनक, जयकारों के बीच नए झंडे जी लेकर पहुंची संगतें
श्री गुरु राम राय जी महाराज के जयकारों के बीच बुधवार को संगतें नए झंडेजी को लेकर श्री दरबार साहिब पहुंची। 2017 के बाद 105 फीट ऊंचा नया ध्वज दंड (श्री झंडे जी) लेकर पहुंची संगतों का लोगों ने फूल बरसाकर स्वागत किया। शुक्रवार को नए झंडे जी के आरोहण के साथ ऐतिहासिक झंडा मेला शुरू होगा।
श्री दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्री महंत देवेंद्र दास जी महाराज की अगुवाई में संगत सुबह 9 बजे श्री दरबार साहिब से निकली। करीब सवा 10 बजे पैदल संगत श्री गुरुराम राय इंटर कॉलेज, मोथरोवाला पहुंची। वहां पर श्री महंत देवेंद्र दास जी महाराज ने संगत को आशीर्वाद दिया। पूजा-अर्चना के बाद दोपहर करीब 12 बजे पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा आदि जगहों से पहुंची संगतों ने श्री झंडे जी को अपने कंधों पर उठाकर श्री दरबार साहिब के लिए प्रस्थान किया।
संगत नए झंडे जी (ध्वज दंड) को श्री गुरुराम राय इंटर कॉलेज मोथरोवाला से बंजारावाला, कारगी चौक, पथरी बाग, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल पटेल नगर, लालपुल, सहारनपुर रोड से सहारनपुर चौक होते हुए श्री दरबार साहिब लेकर पहुंचे। श्री दरबार साहिब परिसर में पहुंचते ही संगत ने ढोल नगाड़ों की थाप पर जमकर नृत्य किया।
बता दें कि बीते दो महीने से साल की लकड़ी से श्री झंडे जी को तैयार करने में कई कारीगर श्री गुरुराम राय इंटर कॉलेज, मोथरोवाला में लगे हुए थे। इस वर्ष नए श्री झंडे जी चढ़ाए जाएंगे, इससे पहले वर्ष 2017 में ऐसा हुआ था।
श्री देवेंद्र दास जी महाराज ने कहा कि श्री झंडे जी मेला प्रेम, स्नेह, सदभाव, भाईचारा, मानवता, श्रद्धाभाव और आस्था से ओतप्रोत मेला है। इस वर्ष भी श्री झंडे जी मेले को पूरी आस्था व श्रद्धाभाव के साथ मनाया जाएगा। 13 मार्च को श्री झंडे जी के आरोहण के साथ ही ऐतिहासिक श्री झंडे जी मेला शुरू हो जाएगा।
श्रीमहंत ने कोरोना वायरस के प्रति जागरूक किया
श्री गुरुराम राय दरबार साहिब के श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने सभी संगतों व श्रद्धालुओं के नाम संदेश जारी किया। कहा कि कोरोना वायरस के प्रति सजगता बरतें। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना वायरस से बचाव की एडवाइजरी जारी की गई। श्री झंडेजी मेले में शामिल होने के दौरान संक्रमण से बचाव रखें, खांसी या छींक आने पर रूमाल या कपड़े का इस्तेमाल करें। मेला स्थल को कोरोना वायरस रहित बनाने में सभी अपना सहयोग दें।
हजारों ने छका लंगर
रास्ते में जगह-जगह संगत के स्वागत के लिए छबील, पानी, फल, प्रसाद समेत लंगर की व्यवस्था की गई थी। हजारों लोगों ने लंगर छका।
श्री गुरुराम राय की सभी शाखाओं में रुकेंगी संगतें
श्री दरबार साहिब मेला प्रबंध समिति के व्यवस्थापक केसी जुयाल ने बताया कि दरबार साहिब प्रबंधन ने संगतों के ठहरने की व्यवस्था कर ली है। श्री गुरुराम राय बिंदाल स्कूल, श्री गुरुराम राय तालाब स्कूल, श्री गुरुराम राय राजा रोड, श्री गुरुराम राय भंडारी बाग स्कूल, श्री गुरुराम राय पटेल नगर स्कूल समेत श्री गुरुराम राय देहरादून की सभी शाखाओं में संगतों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा दून की सभी धर्मशालाओं में संगत के ठहरने का इंतजाम किया गया है। एक दर्जन छोटे-बड़े लंगराें की भी व्यवस्था की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के अंतर्गत 12 मार्च से मेला थाना शुरू हो जाएगा।
गिलाफ सिलने का काम तेज
गिलाफ सिलने का काम बुधवार को तेजी से हुआ। महिलाएं सिलाई मशीन की मदद से गिलाफ तैयार करने में जुटीं रहीं। बता दें कि श्री झंडे जी पर तीन तरह के गिलाफों का आवरण होता है। सबसे भीतर की ओर सादे गिलाफ चढ़ाए जाते हैं। इनकी संख्या 41 होती है। मध्यभाग में शनील के गिलाफ चढ़ाए जाते हैं, इनकी संख्या 21 होती है। सबसे बाहर की ओर दर्शनी गिलाफ चढ़ाया जाता है, इसकी संख्या एक होती है।
दूधिया रोशनी से नहाया श्री दरबार साहिब
मेला अधिकारी केसी जुयाल ने बताया कि पूरे दरबार साहिब परिसर में विशेष साजो सज्जा की गई है। खासतौर पर रात के समय श्री दरबार साहिब की आभा देखते ही बन रही है। चारों ओर से पड़ रही दूधिया रोशनी के बीच श्री दरबार साहिब बेहद मनमोहक व आकर्षक दिखाई दे रहा है।
गुरु भक्ति में रंगी संगत
देश विदेश से आई संगत गुरु भक्ति में पूरी तरह रम चुकी है। संगतों ने एक से बढ़कर एक गुरु महाराज के भजन गाए। बच्चे-बड़े महिलाओं ने गुरु महिमा के गुणगान में बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, मेला थाना कल से
मेला स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कड़े इंतजाम किए गए हैं। बृहस्पतिवार से विधिवत मेला थाना शुरू हो जाएगा। शहर कोतवाली के एसएसआई व मेला थाना प्रभारी ने रविवार को मेला स्थल का मौका मुआयना किया। मेला थाना में जरूरत के हिसाब से पुलिस बल उपलब्ध रहेगा। पुलिस अधिकारी समय-समय पर मेलास्थल का दौरा कर रहे हैं। अग्निशमन दल के पांच वाहन मेला स्थल पर तैनात रहेंगे। श्री झंडेजी मेला संचालन समिति की ओर से 40 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो पूरे मेले की हर गतिविधि कैद कर रहे हैं।
