Doon Hospital: बच्चे ने चॉकलेट खाकर रैपर जमीन पर फेंका, आगबबूला हुई महिला सफाईकर्मी, दी धमकी-जान से मार दूंगी
दून अस्पताल में बच्चे ने जमीन पर रैपर फेंका तो महिला सफाईकर्मी जान से मारने की धमकी दे दी है। इसके बाद ओपीडी बिल्डिंग में रेडियोलॉजी विभाग में जमकर विवाद हो गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दून अस्पताल में उपचार के लिए आई एक महिला के बच्चे ने जमीन पर रैपर फेंक दिया तो महिला सफाईकर्मी ने उसे जान से मारने की धमकी दे डाली। सफाईकर्मी पर मरीज को गाली देने का भी आरोप है। इस दौरान जमकर विवाद हुआ। हंगामा बढ़ता देख सुरक्षाकर्मी भी मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षाकर्मियों ने विवाद पर काबू पाया।
जानकारी के मुताबिक घटना ओपीडी बिल्डिंग के रेडियोलॉजी विभाग की है। इस मामले में पीड़िता ज्योति ने अस्पताल प्रबंधन को की गई शिकायत में बताया कि वह अल्ट्रासाउंड के लिए रेडियोलॉजी विभाग में आईं थी। उनके साथ उनका बच्चा भी था। उनके बच्चे ने चॉकलेट खाकर रैपर जमीन पर फेंक दिया। वहीं पर एक महिला सफाईकर्मी खड़ी थी। उसने बच्चे को रैपर फेकता देख झगड़ा शुरू कर दिया। उन्हाेंने रैपर उठा लिया इसके बाद भी वह चिल्लाती रही।
विवाद बढ़ा तो सुरक्षाकर्मी पहुंचे
सफाईकर्मी ने अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया। आरोप है कि उसने जान से मारने की धमकी देते हुए गाली देना शुरू कर दिया। विवाद बढ़ा तो सुरक्षाकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान वहां पर जमकर हंगामा हुआ। पीड़िता ने इस मामले में आरोपी सफाईकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस पर सफाईकर्मियों के सुपरवाइजर का कहना है कि सफाईकर्मी की ड्यूटी बदली जाएगी।
ये भी पढे़ं...Chamoli: अस्पताल की दीवार भरभराकर गिरी, मलबे में दबने से चिकित्सक की मौत, निर्माण कार्य का ले रहे थे जायजा
पीड़ित महिला की ओर से इस मामले में शिकायत की गई है। मामले की जांच की जा रही है। संबंधित सफाईकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मरीजों के साथ दुर्व्यहार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। -डॉ. रविंद्र सिंह बिष्ट, चिकित्सा अधीक्षक, दून अस्पताल